[Hindi] इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, रायपुर, जगदलपुर में शुष्क मौसम के साथ बढ़ेंगे तापमान

February 16, 2018 6:40 PM|

Madhya-pradesh weatherमध्य भारत के भागों में पिछले दो-तीन दिनों के पहले जहां मौसम में व्यापक रूप में हलचल थी वहीं अब मौसम शांत हो गया है। सामान्य से काफी नीचे पहुँच गया दिन और रात का तापमान उछलकर सामान्य से ऊपर पहुँचने को आतुर है। अगले तीन-चार दिनों के मौसम का जिक्र करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के अधिकतर भागों में यह शुष्क रहेगा। दिन के तापमान में वृद्धि का क्रम देखने को मिलेगा।

इस समय उत्तर भारत से शीतल और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों और छत्तीसगढ़ के हिस्सों पर पहुंच रही हैं जिससे मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। रात के तापमान में अपेक्षाकृत कम वृद्धि होगी जबकि अधिकतम तापमान बढ़ते हुए सामान्य से ऊपर निकल सकता है। दिन में तापमान बढ़ने की वजह खिली धूप और शुष्क मौसम को माना जा सकता है।

इस बीच गुजरात पर हवाओं में एक विपरीत चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है जो पाकिस्तान के दक्षिणी भागों से गर्म और शुष्क हवाएं आकर्षित कर रहा है, इसी सिस्टम की वजह से गुजरात के अधिकांश भागों में समय से पहले ही काफी गर्मी शुरू हो गई है। यही हवाएं मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों पर भी पहुँचेंगी जिससेइंदौर,उज्जैनऔर आसपास के भागों में दिन में गर्मी बढ़ने के आसार हैं।

[yuzo_related]

मध्य प्रदेश के शेष भागों और छत्तीसगढ़ में भी दिन का तापमान सामान्य से अभी भी कुछ नीचे है या सामान्य के आसपास है। विदर्भ में कई स्थानों पर पारा काफी गिर गया था। अगले दो-तीन दिनों के दौरान इसमें मामूली वृद्धि होगी। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले तीन-चार दिनों तक मध्य भारत के राज्यों मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में शुष्क मौसम के साथ दिन का अधिकांश समय सहज होगा। हालांकि इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में दोपहर हल्की गर्म होगी।

Image credit: Pinterest

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

 

author image