[Hindi] पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड में शुष्क और गर्म मौसम; पश्चिम बंगाल, ओड़ीशा में अच्छी बारिश के आसार

May 23, 2018 4:20 PM|

Hot and dry weather in Uttar Pradeshपूर्वी भारत के राज्यों में कई स्थानों पर प्री-मॉनसून बारिश हो रही है जबकि कुछ इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में लंबे समय से शुष्क मौसम के चलते तापमान बढ़ा है। झारखंड और बिहार के पूर्वी जिलों में बारिश हो रही है जबकि दोनों राज्यों के शेष इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के गंगीय और उप-हिमालयी दोनों भागों में बीते दिनों से बादल मेहरबान हैं और अच्छी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के अधिकतर हिस्सों में अच्छी वर्षा हुई है।

पूर्वी भारत के राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव अपेक्षित नहीं है। यानि जहां बारिश हो रही है, वहाँ होती रहेगी जबकि जिन भागों में मौसम गर्म और शुष्क है, उनमें कोई अंतर दिखाई नहीं देगा। स्काइमेट के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के अनुसार इस समय राजस्थान से बांग्लादेश तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से आर्द्र हवाएँ पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओड़ीशा, पूर्वी झारखंड और पूर्वी बिहार तक पहुँच रही हैं जिसे इन भागों में अगले 24 से 48 घंटों तक प्री-मॉनसून वर्षा जारी रहेगी।

कटक, भुवनेश्वर, पूरी, भद्रक, बालासोर सहित उत्तरी ओड़ीशा में अगले 24 घंटों तक गरज के साथ अच्छी वर्षा के आसार हैं। कोंटई, मिदनापुर, खड़गपुर, कोलकाता और वर्धमान सहित गंगीय पश्चिम बंगाल में भी मौसम सक्रिय रहेगा और अगले 24 घंटों तक अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान जमशेदपुर और आसपास के इलाकों सहित पूर्वी झारखंड में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ प्री-मॉनसून वर्षा होने के आसार हैं।गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

Lightning inUP, Bihar, Jharkhand and WB

बिहार में आर्द्र हवाओं का आसार कम है। हालांकि राज्य के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कुछ मौसम हलचल देखने को मिल सकती है। अनुमान है कि किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, भागलपुर और आसपास के भागों में गरज और आँधी के साथ हल्की वर्षा का अनुमान है। शेष बिहार में मौसम शुष्क बना रहेगा। इसी तरह पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतर इलाकों पर शुष्क हवाएँ चल रही हैं जिससे वाराणसी, गोरखपुर, इलाहाबाद सहित आसपास के भागों में मौसम शुष्क और बेहद गर्म रहेगा।

[yuzo_related]

मौसम की सबसे अधिक सक्रियता उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रहेगी। इन भागों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां लगातार बनी रह सकती हैं। इस बीच बारिश के चलते समूचे पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओड़ीशा तापमान में गिरावट हुई है। अगले 48 घंटों के बाद इन भागों में तापमान में वृद्धि शुरू होगी।

Image credit: The Indian Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

 

author image