29 नवंबर के लिए मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली में प्रदूषण बढ़ेगा, उत्तरी हरियाणा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छाएगा कोहरा

November 28, 2017 5:40 PM|

 

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र इस समय दक्षिणी श्रीलंका और इससे सटे हिन्द महासागर पर दिखाई दे रहा है। इस सिस्टम से एक ट्रफ दक्षिण-पूर्वी अरब सागर तक बनी हुई है। इन मौसमी सिस्टमों के प्रभाव से दक्षिणी तटीय तमिलनाडु और दक्षिणी केरल में मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु के मध्य भागों और केरल के शेष भागों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं। चेन्नई में हल्की वर्षा का अनुमान है।

दक्षिण भारत के शेष भागों में मौसम शुष्क होगा। दोपहर में हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है। हालांकि सुबह सुहावनी होगी।

[yuzo_related]

मध्य भारत में लंबे समय से मौसमी हलचल देखने को नहीं मिली है। कल भी इन राज्यों में शुष्क और साफ मौसम अपेक्षित है। हालांकि मध्य प्रदेश के उत्तरी भागों और छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान कुछ नीचे जा सकता है। गुजरात और दक्षिणी राजस्थान में दिन में अभी भी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

पूर्वोत्तर भारत में असम और अरुणाचल प्रदेश में ठंडी पूर्वी तथा उत्तर-पूर्वी हवाएँ चलेंगी। दोनों राज्यों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा।

दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी। सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रहेगा। दिन में तेज़ धूप रहेगी।

उत्तरी जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह सिस्टम बहुत सक्रिय नहीं है। हालांकि इसके प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहेंगे और कश्मीर की पहाड़ियों पर हल्की वर्षा या बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहेगा।

Live status of Lightning and thunderRain In Mumbai

देश के मैदानी राज्यों में उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएँ चलने का अनुमान है। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस नीचे बना रहेगा। उत्तरी हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा छा सकता है। राजधानी दिल्ली और इससे सटे शहरों में सुबह के समय धुंध और प्रदूषण का प्रभाव बना रहेगा।

 

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles