15 मार्च का मौसम पूर्वानुमान: भारी बारिश से अब राहत; हालांकि उत्तर प्रदेश समेत कुछ हिस्सों में जारी रहेगी वर्षा

March 14, 2020 8:01 PM|

आज के मौसम पूर्वानुमान की शुरुआत पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत से....

झारखंड पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। साथ ही असम पर भी एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इन दोनों सिस्टमों के बीच एक ट्रफ सक्रिय है।

इन सिस्टमों के प्रभाव से ही पूर्वी राज्यों में बारिश का मौसम बना हुआ है। अब गतिविधियां कुछ कम होंगी लेकिन पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार के पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर हल्की बारिश जारी रहेगी। अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी असम मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भी गरज के साथ हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है।

उत्तर भारत में कश्मीर से लेकर हरियाणा और पंजाब तक बारिश में कमी आएगी। उत्तर भारत से पश्चिमी विक्षोभ अब दूर जा रहा है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी पंजाब और हरियाणा से आगे निकल कर उत्तर प्रदेश पर पहुँच गया है।

इन सिस्टमों के कमजोर होने के कारण अब भारी बारिश से कुछ दिनों के लिए राहत मिलेगी। हालांकि 15 मार्च को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में कुछ स्थानों पर बारिश और हिमपात की संभावना बरकरार है।

पंजाब और हरियाणा के तराई क्षेत्रों और पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं। भारी वर्षा फिलहाल नहीं होगी।

Click the image below to see the live lightning and thunderstorm across IndiaRain in India

पूर्वी और उत्तर भारत की ही तरह मध्य भारत के राज्यों में भी खासतौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा में बारिश कम हो जाएगी। छत्तीसगढ़ और इससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश में छिटपुट वर्षा होगी। गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के लगभग सभी भागों में मौसम शुष्क और साफ रहेगा।

मुंबई सहित महाराष्ट्र के तटीय भागों में दोपहर के समय गर्मी काफी बढ़ जाएगी क्योंकि अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री तक पहुँच सकता है।

दक्षिण भारत में प्री-मॉनसून वर्षा की गतिविधियां कम हो रही हैं। हालांकि कर्नाटक के दक्षिणी तटीय हिस्सों, केरल और तमिलनाडु में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सभी जगहों पर मौसम साफ और शुष्क रहेगा।

Any information taken from here should be credited to skymetweather.com

Similar Articles