27 फरवरी के लिए मौसम पूर्वानुमान: दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, पटना में गर्मी, कश्मीर में पड़ सकती है बर्फ

February 26, 2018 5:53 PM|

 

जम्मू कश्मीर से शुरुआत... अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर कश्मीर में हाल ही में अच्छी बर्फबारी के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ फिर से प्रभावित करने वाला है। इसके चलते जम्मू कश्मीर में कुछ स्थानों पर जबकि हिमाचल प्रदेश में एक-दो जगहों पर मंगलवार को बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

उत्तराखंड में बादल छाएंगे लेकिन कल यहाँ बारिश नहीं होगी।

वहीं मैदानी भागों में शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क और गर्म होगा तथा रात के तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी।

[yuzo_related]

दिल्ली में धूप खिली रहेगी और दिन गर्म होगा। लखनऊ में भी दिन में अब गर्मी देखने को मिलेगी जबकि रात सुहावनी बनी रहेगी। जयपुर में दिन की गर्मी के बाद रात शीतल होगी।

मध्य भारत के मौसम की बात करें तो यहाँ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में दिन के तापमान में फिर से वृद्धि का क्रम शुरू हो सकता है। जबकि गुजरात, विदर्भ और मराठवाड़ा में अधिकतम तापमान पहले से ही सामान्य से ऊपर बने हुए हैं। यहाँ भी कोई राहत नहीं रहेगी।

मायानगरी मुंबई में भीषण गर्मी और उमस व्यापक रूप में परेशान कर सकती है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में एक ट्रफ पश्चिमी असम से ओड़ीशा के तटीय भागों तक बनी हुई है और सक्रिय है। इसके प्रभाव से असम तथा अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सिक्किम में भी एक-दो स्थानों पर बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं।

पूर्वोत्तर भारत के शेष भागों तथा पूर्वी राज्यों में मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। ओड़ीशा में मौसम बेहद गर्म होगा।

पूरब के प्रमुख शहरों की बात करें तो कोलकाता में आंशिक बादल छाए रहेंगे और दिन गर्म होगा। पटना में धूप के साथ दिन गर्म रहेगा।

गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।Rain in India

काफी लंबे समय बाद दक्षिणी राज्यों में मौसम बदला है। यहाँ तटीय तमिलनाडु से श्रीलंका तक एक ट्रफ बनी हुई है। कल तमिलनाडु के दक्षिणी भागों में एक-दो स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। जबकि केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा।

बंगलुरु में दिन गर्म होगा। तापमान कोई राहत नहीं देगा। इसी तरह से हैदराबाद में दिन की गर्मी बनी रहेगी लेकिन रात में मौसम राहत भरा होगा।

Please Note: Any information picked from here should be attributed to skymetweather.com

 

Similar Articles