दिल्ली में गर्म रहेगा वीकेंड, अगले हफ्ते सर्दियों की बारिश की संभावना

By: skymet team | Edited By: skymet team
Feb 13, 2025, 3:49 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में तेज गर्मी, फोटो: Financial Express

दिल्ली का तापमान 9 से 11 फरवरी के बीच तेजी से बढ़ा था, लेकिन अब इसमें गिरावटव होने लगी है। तीन दिन से लगातार करीब 30°C तक पहुंचा तापमान अब घटकर 26.5°C हो गया है। हालांकि, तापमान अभी भी सामान्य से 2°C अधिक है। आज 13 फरवरी और कल 14 फरवरी को तेज सतही हवाओं के कारण तापमान दबा रहेगा और करीब 26°C के आसपास बना रहेगा। जैसे ही हवाओं की रफ्तार कम होगी तापमान दोबारा बढ़ने लगेगा और सप्ताहांत गर्म रहने की संभावना है। हालांकि, तापमान के अचानक बढ़ने की उम्मीद नहीं है और यह 30°C से नीचे बना रहेगा।

उत्तर भारत में मौसम प्रणाली नहीं: फिलहाल उत्तर भारत के पहाड़ों पर कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है। हालांकि, 15 और 16 फरवरी को पूर्वी और उत्तर राजस्थान में निचले स्तरों पर एक शुष्क चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है, जो दिल्ली के आसपास रहेगा। इस दौरान हवा की दिशा में बदलाव आएगा और यह हल्की व अस्थिर हो सकती है। इसके साथ ही कुछ मध्यम और ऊंचे स्तर के बादल भी दिखाई दे सकते हैं। इसके तुरंत बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण विकसित होगा।

बढ़ेगा तापमान, सप्ताहांत रहेगा गर्म: लगातार बदलती मौसम प्रणालियों के कारण दिन का तापमान फिर से बढ़ने की संभावना है। यह सप्ताहांत पिछले गर्म दौर की तरह ही गर्म रहने की उम्मीद है। वहीं, राजधानी दिल्ली के आसपास गर्म हवा का असर अगले सप्ताह के मध्य तक जारी रह सकता है। दिन के तापमान 29°C या उससे थोड़ा अधिक रहने की संभावना है। हालांकि, फरवरी के तीसरे सप्ताह तक किसी भी हीटवेव या अत्यधिक गर्मी का कोई खतरा नहीं है।

उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी: आने वाले पश्चिमी विक्षोभ और प्रेरित चक्रवात के संयुक्त प्रभाव से 17 से 20 फरवरी के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा, उत्तर भारत के मैदानी और तराई वाले इलाकों में भी सर्दी वाली बारिश हो सकती है। दिल्ली में 19 और 20 फरवरी को गरज और चमक के साथ बारिश पड़ने की संभावना है, जिसमें पहले दिन यानी 19 फरवरी को अधिक बारिश होने की उम्मीद है।

सप्ताहांत में फिर से सुहावना मौसम: आने वाला बारिश का दौर तापमान को बढ़ने से रोक देगा और इसके बाद 21 से 23 फरवरी के बीच मौसम सुहावना रहेगा। इन दिनों दिन का तापमान मध्यम स्तर पर बना रहेगा और ठंडी हवाओं के कारण मौसम काफी अच्छा अनुभव होगा।

author image

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है