स्वतंत्रता दिवस पर देशभर में मौसम की स्थिति, किस शहर में कैसा हाल?

August 14, 2024 7:07 PM | Skymet Weather Team

स्वतंत्रता दिवस ऐसे समय में आता है जब देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय होता है। इस बार मानसून ने गियर बदलते हुए दक्षिण और मध्य भागों से उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों की ओर रुख कर लिया है। मानसूनी ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के करीब है और राजस्थान के बीकानेर से लेकर आगरा, लखनऊ, पटना और गंगा के पश्चिम बंगाल के दीघा तक फैली हुई है। बता दें, मानसून ट्रफ यह दिल्ली के बहुत करीब से गुजर रही है, जिसमें थोड़ी बहुत उत्तर-दक्षिण दिशा में उतार-चढ़ाव हो रहा है। समग्र रूप से, दक्षिण-पश्चिम मानसून कर्क रेखा के उत्तर में अधिक सक्रिय है और दक्षिणी हिस्से में थोड़ा सुस्त है।

दिल्ली: मानसून ट्रफ राष्ट्रीय राजधानी के बेहद करीब से गुजर रही है। इस स्थिति के कारण दिल्ली मानसूनी बारिश के प्रति संवेदनशील हो गई है। हालाँकि, बारिश की गतिविधि हल्की और बीच में रुक-रुक कर होगी। 15 अगस्त के दिन अलग-अलग समय पर होने वाले भव्य समारोहों में खलल डाल सकती है। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच का समय अधिक संवेदनशील दिखाई दे रहा है,  इस दौरान छिटपुट बारिश की संभावना है।

जयपुर: पिछले दो सप्ताह से जयपुर शहर में लगातार बारिश हो रही है, जो कभी-कभी भारी से बहुत भारी होती थी। पूर्वोत्तर राजस्थान और दिल्ली क्षेत्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही मानसून ट्रफ शहर के बेहद करीब से गुजर रही है। इसीलिए, मानसून की बारिश से 15 अगस्त के उत्वसों पर असर पड़ने का खतरा बना हुआ है। वहीं, रुक-रुक कर बारिश की पूरी संभावना है।

लखनऊ: दिल्ली और जयपुर की तरह मानसून ट्रफ लखनऊ के करीब बनी हुई है। शहर को मानसून की बारिश का सामना करना पड़ेगा। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं और समारोहों की तैयारियों में बदलाव करने की जरूरत पड़ सकती है।

कोलकाता: मानसून ट्रफ का पूर्वी छोर गंगीय पश्चिम बंगाल के दीघा से होकर गुजर रहा है। साथ ही कल इस क्षेत्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की भी संभावना है। मानसून ट्रफ कोलकाता के करीब और उससे थोड़ा दक्षिण में बनी रहेगी। इस स्थिति में बार-बार बारिश होने की संभावना है, जो उत्सव के उल्लास को प्रभावित कर सकती है।

मुंबई: पिछले कुछ दिनों से कोंकण तट पर कमजोर मानसून की स्थिति बनी हुई है। मानसून की बारिश ज्यादातर हल्की और छिटपुट है। मौसम की स्थिति बेहतर रहने की संभावना है, जिससे स्वतंत्रता उत्सव में कोई खलल नहीं होने की संभावना है। वहीं, अगर कल के दिन मुंबई में बारिश होती भी है, तो वो बहुत हल्की और कुछ ही समय के लिए होगी। जिससे किसी भी तरह की रुकावट नहीं होगी।

चेन्नई: स्वतंत्रता दिवस पर तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगी। वहीं, हल्की हवा चलने से पारा आरामदायक दायरे में रहेगा। कल दिन में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि,  दोपहर के समय उमस भरी गर्मी महसूस होगी। उच्च आर्द्रता और बढ़ते तापमान से असुविधा बढ़ेगी।  देर दोपहर और शाम को समुद्री हवा की शुरुआत से मौसम में ठंडक और राहत मिलेगी।

OTHER LATEST STORIES