[Hindi] दिल्ली में 48 घंटों में आ सकता है मॉनसून, लेकिन एंट्री नहीं होगी धमाकेदार

July 4, 2019 10:29 AM | Skymet Weather Team

दिल्ली में मॉनसून का इंतजार बेसब्री से हो रहा है। बारिश के दीदार के लिए लोग बेकरार हैं, लेकिन मौसम की बेरुखी जारी है, क्योंकि मॉनसून अभी दूर है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉनसून के आगमन की संभावना 6 जुलाई के आसपास है। इससे पहले यहां बादल बढ़ जाएंगे। 4 जुलाई को एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

अनुमान है कि 5 और 6 जुलाई को मौसम में हलचल कुछ बढ़ सकती है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा देखने को मिलेगी। इसी हल्की बारिश के साथ मॉनसून के आगमन की घोषणा भी हो जाएगी।

मॉनसून 2019 की कमजोर शुरुआत

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्य भारत को छोड़कर देश के बाकी ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून का आगमन काफी निराशाजनक रहा है। यानी मॉनसून के आगमन के समय अच्छी बारिश ज्यादातर इलाकों में देखने को नहीं मिली है। यही क्रम दिल्ली-एनसीआर में भी जारी रहेगा। दिल्ली में आमतौर पर 29 जून को मॉनसून दस्तक देता है लेकिन इस बार लगभग 1 सप्ताह की देरी से पहुंचेगा मॉनसून।

दिल्ली में 90% कम बारिश

मॉनसून के आने से पहले जून में प्री मॉनसून वर्षा बढ़ जाती है। लोगों को गर्मी से व्यापक राहत मिलती है। लेकिन साल 2019 का प्री मॉनसून सीजन भी दिल्ली के लिए अच्छा नहीं रहा है। यहां सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। 1 जून से 3 जुलाई तक के बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महज 6.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है जो सामान्य बारिश से लगभग 90% कम है। इस अवधि में आमतौर पर दिल्ली में 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जाती है।

कब होगी अच्छी बारिश

इस बीच दिल्ली में 6-7 जुलाई को मॉनसून के आने के बाद 8 जुलाई को मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा। लेकिन दिल्ली के पूर्वी भागों में यानी पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर मॉनसून इस दौरान सक्रिय रहेगा जिससे दिल्ली पर भी कुछ असर देखने को मिलेगा। तापमान में गिरावट आएगी। अनुमान है कि 9 से 11 जुलाई के बीच दिल्ली में इस सीजन की अच्छी बारिश लोगों को भिगो सकती है।

Image credit: NewsFolo

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

(Android App | iOS App) App.

OTHER LATEST STORIES