देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून विदा, उत्तर-पूर्व मानसून की दस्तक, कई राज्यों में भारी बारिश

October 15, 2024 4:40 PM | Skymet Weather Team
चेन्नई में भारी बारिश, फोटो: Canva

दक्षिण पश्चिम मानसून अपने अंतिम चरण में आज पूरे देश से विदा हो गया। मानसून की वापसी तब पूरी मानी जाती है जब वापसी रेखा दक्षिण प्रायद्वीप (दक्षिण भारत) पर 15°N तक पहुँच जाती है। मानसून वापसी रेखा 05 अक्टूबर 2024 से दक्षिण गुजरात के नवसारी तट पर अटकी हुई थी। इसके साथ ही पूर्वोत्तर मानसून ने दक्षिण-पूर्व प्रायद्वीपीय भारत में प्रवेश कर लिया है, जो मौसम की शुरुआत का संकेत है।

समय पर पूरी हुई दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी: दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी बिना किसी देरी के निर्धारित समय के भीतर ही पूरी हुई है। पिछले साल मानसून की वापसी 18 अक्टूबर को पूरी हुई थी और पूर्वोत्तर मानसून 21 अक्टूबर को शुरू हुआ था। इस साल पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों पर लगातार बने कम दबाव के क्षेत्र से प्रभावित हुई है।

बारिश के साथ पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत: साथ ही दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर एक अच्छी तरह से चिह्नित चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन दोनों कारकों ने तटीय तमिलनाडु और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में पूर्वी हवा की धारा को स्थिर किया है, जो 5,000 फीट से अधिक ऊंचाई तक पहुंच चुकी है। पहले से ही उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में भारी वर्षा हुई है, खासकर चेन्नई में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बता दें, इन इलाकों में लगातार भारी बारिश हो रही है, मौसम की ऐसी स्थितियां पूर्वोत्तर मानसून के आगमन के लिए आवश्यक होती हैं।

अगले दो दिनों में भारी बारिश: आज और कल तटीय तमिलनाडु, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में अधिक भारी बारिश होने की संभावना है। यहां तक कि, तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों में भी अगले 24 घंटों में मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद भारी वर्षा का क्षेत्र केरल और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक तक फैलेगा। इस साल उत्तर-पूर्व मानसून का मौसम अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में रहेगा, जो दक्षिण प्रायद्वीप(दक्षिण भारत) के पांच उप-विभागों को कवर करता है, जैसे: तमिलनाडु, केरल, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक। इस मौसम में सामान्य से अधिक वर्षा होने की उम्मीद है।

OTHER LATEST STORIES