बेंगलुरु में बरसात के दिन, इस सप्ताह हर दिन बारिश की उम्मीद

October 1, 2024 5:13 PM | Skymet Weather Team
बेंगलुरु में बारिश, फोटो: Deccan Herald

सितंबर 2024 में बेंगलुरु में लगभग सूखे जैसी स्थिति रही। आमतौर पर सितंबर का महीना बेंगलुरु के लिए सबसे ज्यादा बारिश वाला होता है, जिसमें औसतन 212.8 मिमी बारिश होती है। लेकिन इस साल सितंबर 2024 में केवल 23.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पिछले दो दशकों में सबसे कम है। इससे पहले सितंबर 2016 में शहर में 33.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। वहीं, उससे भी पहले सितंबर 2012 में 68.4 मिमी दर्ज हुई थी। गौरतलब है, अक्टूबर का महीना सामान्य रूप से 168.3 मिमी बारिश के साथ, दूसरा सबसे बारिश वाला महीना है। अधिकतर अक्टूबर में सामान्य से अधिक बारिश होती है। लेकिन, पिछले साल 2023 में सिर्फ 96 मिमी बारिश हुई थी।

इस सप्ताह बेंगलुरु में बारिश: इस सप्ताह बेंगलुरु और इसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। बारिश हल्की से मध्यम हो सकती है, लेकिन 4 से 7 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। अगले 7 दिनों में शहर में 60 मिमी से अधिक बारिश होने की संभावना है।

कई मौसम प्रणालियों का असर:  बेंगलुरु में मौसम गतिविधि (बारिश)को ट्रिगर करने वाले कई कारक हैं। समुद्र तट के दोनों ओर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। अरब सागर में यह परिसंचरण दक्षिण-मध्य भागों में स्थित है, जो तट से दूर है। लेकिन हवाएं केरल तट से होते हुए दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक पहुंच रही हैं। दूसरा परिसंचरण उत्तर बंगाल की खाड़ी में है, जो संगठित हो रहा है और ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण कर्नाटक और इसके आसपास के क्षेत्रों तक फैली हुई है। इसके अलावा, कोमोरिन क्षेत्र से तटीय कर्नाटक तक एक और ट्रफ सक्रिय है। इन सभी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से इस सप्ताह दक्षिण और तटीय कर्नाटक में खासकर बेंगलुरु में छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

सितंबर का सूखा होगा खत्म: आने वाला बारिश का दौर सितंबर में लंबे समय से चल रहे सूखे की स्थिति को खत्म कर देगा। बेंगलुरु में अधिकांश मौसम गतिविधि( बारिश, तेज हवाएं) शाम और रात के समय में होने के आसार हैं। लगातार बादल और छिटपुट बारिश दिन में तापमान को लगभग 2-3°C तक कम कर देगी। रात और सुबह के समय हल्के ठंडे मौसम की संभावना है, मतलब सुबह के हल्की ठंड का एहसास होगा। वहीं, दिन के समय तापमान 28°-30°C के बीच रहेगा, जिससे मौसम सुखद और गर्म बना रहेगा।

फोटो क्रेडिट: डेक्कन हेराल्ड

OTHER LATEST STORIES