दिल्ली में कल गरज-चमक के साथ बारिश, फिर घने कोहरे का असर

January 10, 2025 1:38 PM|

आज सुबह राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। पालम हवाई अड्डे पर विजिबिलिटी सुबह तड़के शून्य तक पहुंच गई और मौसम की ऐसी स्थिति सुबह 8 बजे तक बनी रही। वहीं, रनवे विजुअल रेंज (RVR) भी घटकर केवल 100 मीटर रह गई। घने कोहरे का प्रभाव विमान परिचालन पर पड़ा, जिससे कई उड़ानें रद्द और डायवर्ट करनी पड़ीं। रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ, वाहनों की गति धीमी हो गई और आवागमन में देरी हुई।

जारी रहेगी धुंधले आसमान की स्थिति:हालांकि, सुबह 10 बजे तक दृश्यता (विजिबिलिटी) में सुधार हुआ और यह 400 मीटर तक पहुंच गई, जबकि RVR 600 मीटर तक बेहतर हो गया। लेकिन आसमान अब भी धुंधला है, और यह स्थिति देर रात तक बनी रह सकती है।

दिल्ली में बारिश के आसार:एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास के हिस्सों में ऊपरी वायुमंडलीय ट्रफ के रूप में सक्रिय है। राजस्थान और पंजाब क्षेत्र में एक प्रेरित चक्रवातीय परिसंचरण बन रहा है। ये दोनों मौसम प्रणालियां उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मिलकर आगे बढ़ेंगी। निचले स्तरों में हवा का रुख पहले ही पूर्वी हो चुका है। इन दोनों प्रणालियों के सम्मिलित प्रभाव के कारण दिल्ली में कल 11 जनवरी को गरज और चमक के साथ बारिश पड़ने कीसंभावना है।

न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी:आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान में मामूली तौर पर बढ़ा है। सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 6°C दर्ज किया गया, जो कल यानि 9 जनवरी के 4.8°C तापमान से अधिक था। दिल्ली में रविवार सुबह तक तापमान और बढ़कर 10°C के पार जा सकता है।इससे पहले, कल 11 जनवरी को राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। यह मौसम गतिविधि शाम से शुरू होगी और देर रात तक जारी रहेगी। बारिश से पहले बादल छाए रहेंगे, जिससे ठंडा दिन रहने की संभावना है।

रविवार से मौसम में सुधार:रविवार सुबह तक बारिश थमने की संभावना है और दोपहर के समय मौसम में सुधार होगा। जैसा कि आमतौर पर होता है, मौसम प्रणाली के गुजरने के बाद ठंडी हवाएं और घना कोहरा आता है। सोमवार और मंगलवार को घने कोहरे और सुबह के तापमान में गिरावट का खतरा रहेगा। सुबह के तापमान में गिरावट का सिलसिला अगले शुक्रवार तक जारी रह सकता है।

author image