[Hindi] उत्तर में पहाड़ों से मैदानों तक बारिश

April 30, 2015 5:35 PM | Skymet Weather Team

एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू व कश्मीर में पहले से ही बारिश शुरू हो चुकी है। धीरे-धीरे आज रात तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी वर्षा शुरू होने के आसार हैं। जैसा कि स्काईमेट बार बार कह रहा है कि हिमालय की तराई वाले हिस्सों और उत्तर भारत के मैदानी भागों में भी गरज से साथ बारिश शुरू हो जाएगी।

जम्मू कश्मीर में बारिश

बुधवार की सुबह 8.30 से लेकर पिछले 24 घंटों के दौरान बनिहाल में 8.5 मिमी, गुलमर्ग में 4.2 मिमी, काजीगुंड में 7 और कोकेरनाग में 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। पहलगाम और श्रीनगर में भी हल्की बारिश देखने को मिली है।

एक दो स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश होने और तापमान में काफी अधिक गिरावट होने की संभावना है। जम्मू व कश्मीर के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 20°C के आसपास चल रहा है जो एक बार फिर से गिरकर 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

मैदानी इलाकों में बारिश

पंजाब और हरियाणा के उत्तरी भागों में गरज वाले घने बादल मड़राते हुए देखे जा सकते हैं। गुरुवार की शाम से दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी भागों में गरज के साथ हल्की बारिश की हम उम्मीद कर सकते हैं।

मैदानी भागों में भी दो दिनों तक जारी रहने वाले इस मौसमी बदलाव से पारा नीचे ही रहेगा। न्यूनतम तापमान पहले से ही सामान्य या इससे नीचे चल रहा है। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला द्वारा रेकॉर्ड किए गए आंकड़ों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 37.2°C रहा। जबकि चंडीगढ़ तुलनात्मक रूप से ठंडा रहा, जहां पारा 35.4°C दर्ज किया गया। मैदानी उत्तर भारत के अधिकांश भागों में अगले दो दिनों तक तापमान में किसी विशेष बदलाव के आसार फिलहाल नहीं हैं।

Image Credit: munsif.tv

 

 

OTHER LATEST STORIES