[Hindi] दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में इस सप्ताह कड़ाके की ठंड के आसार

January 9, 2017 4:09 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में लगातार अच्छी बारिश दे रहा पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी दिशा में आगे निकल रहा है। इस सिस्टम के प्रभाव से दिल्ली सहित मैदानी राज्यों में भी गरज के साथ वर्षा रिकॉर्ड की गई।

बारिश के बावजूद मैदानी राज्यों में बीते कई दिनों से रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ था। तापमान में इस बढ़ोत्तरी के लिए पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाओं को माना जा सकता है, क्योंकि पूर्वी दिशा से आने वाली हवाएँ अपेक्षाकृत गर्म और आर्द्र होती हैं।

अब उत्तर भारत के भागों से बारिश देने के बाद पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल रहा है। पहाड़ों पर बीते लगभग एक सप्ताह से भी अधिक समय से हो रही बर्फबारी के बाद इन भागों से बर्फीली हवाएँ पश्चिमी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहुँच रही हैं जिसके प्रभाव से इन भागों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे चला जाएगा।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएँ जल्द ही ज़ोर पकड़ेंगी। उसके पश्चात अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जाएगी। तापमान में व्यापक कमी के चलते पंजाब, दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में कुछ स्थानों पर शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं।

मैदानी भागों में दिन में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और अनुमान है कि अच्छी धूप भी बनी रहेगी। हालांकि सर्द हवाओं के प्रभाव से अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी जिससे दिन में भी आप अच्छी ठंडक का अनुभव इन भागों में कर सकते हैं। स्काइमेट का मानना है कि यह सप्ताह इस वर्ष की सर्दियों में अब तक का सबसे ठंडा सप्ताह हो सकता है।

Image credit: Zeenews

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES