[Hindi] उत्तर भारत में बारिश, पूर्वी तथा पूर्वोत्तर राज्यों में बेमौसम बरसात के आसार, मुंबई में भी होगी हल्की वर्षा-जतिन सिंह, एमडी, स्काइमेट

January 27, 2020 1:16 PM | Skymet Weather Team

पिछले सप्ताह उत्तर भारत में कई पश्चिमी विक्षोभ के चलते पर्वतीय राज्यों में सामान्य से ज्यादा बारिश और बर्फबारी हुई है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी उम्मीद के अनुसार बेमौसम बरसात देखने को मिली। दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में 20 और 21 जनवरी को घने कोहरे ने ट्रैफिक की रफ्तार पर ब्रेक लगाई थी।मध्य भारत के बाकी भागों और दक्षिण भारत के राज्यों में पिछले हफ्ते लगभग सभी जगहों पर मौसम शुष्क रहा। स्काईमेट ने जैसा अनुमान लगाया था, गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश के लगभग सभी जगहों पर मौसम शुष्क बना रहा, जिससे परेड आयोजनों में कोई व्यवधान नहीं पड़ा।

उत्तर भारत में इस सप्ताह बारिश के आसार

इस सप्ताह की शुरुआत से ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के भागों को प्रभावित करने वाला है जिससे व्यापक रूप में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27, 28 तथा 29 जनवरी को कई जगहों पर भारी बर्फबारी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से विकसित होने वाला चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मैदानी इलाकों में बारिश का कारण बनेगा।

हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका है। बारिश के दौरान न्यूनतम तापमान बढ़ेगा जबकि अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी क्योंकि दिन भर धूप नहीं दिखेगी और बारिश से मौसम ठंडा हो जाएगा। राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में भी 27 और 29 जनवरी को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इन भागों में 28 जनवरी को बारिश की गतिविधियां अपने चरम पर होंगी।

पूर्वी तथा पूर्वोत्तर राज्यों में इस सप्ताह बेमौसम बरसात के आसार

पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 28, 29 और 30 जनवरी को कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने की संभावना है। उसके पश्चात बारिश पूर्वोत्तर राज्यों पर पहुंच जाएगी, जहां उम्मीद है कि 30 और 31 जनवरी को वर्षा होगी। 1 और 2 फरवरी को बारिश मुख्यतः अरुणाचल प्रदेश और ऊपरी असम पर केंद्रित होगी।

मध्य भारत के कुछ हिस्सों में होगी वर्षा

इस सप्ताह लंबे समय बाद गुजरात के भी कुछ इलाकों में वर्षा की संभावना है। सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में 27 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। उसके बाद 28 जनवरी को बारिश दक्षिणी गुजरात की तरफ चली जाएगी, जहां अहमदाबाद, गांधीनगर और बड़ौदा सहित आसपास के शहरों में गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बेमौसम बारिश की गतिविधियां 28 और 29 जनवरी को संभावित हैं जबकि विदर्भ और मध्य प्रदेश में ऐसी ही हलचल 1 और 2 फरवरी को देखने को मिल सकती है। महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों मुंबई, पुणे और नासिक में 28 जनवरी को वर्षा होने की संभावना है। मुंबई में न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री के आसपास आ सकता है।

दक्षिण भारत में नहीं होगा विशेष बदलाव

दक्षिण भारत के राज्यों में पिछले सप्ताह की तरह इस सप्ताह भी मौसम में कोई खास तब्दीली नहीं आएगी। हालांकि तेलंगाना के कुछ हिस्सों और तटीय आंध्र प्रदेश में 28 और 29 जनवरी को कुछ स्थानों पर वर्षा देखने को मिल सकती है। पश्चिमी तटों पर यानी तटीय कर्नाटक और केरल के शहरों में इस सप्ताह भी तापमान बढ़ेगा। चेन्नई में पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

जनवरी में बारिश का 2005 में बना बारिश टूटेगा रिकॉर्ड

जनवरी में अब तक पूरे देश में औसत से दोगुनी बारिश हो चुकी है। इस सप्ताह उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में होने वाली बारिश के चलते चलते जनवरी में अच्छी बारिश का 2005 में बना रिकॉर्ड टूट सकता है।

Image credit: Ahataxis

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES