[Hindi] पंजाब में शुरू हुई वर्षा, हरियाणा व दिल्ली में भी जल्द बारिश की दस्तक

January 25, 2017 3:25 PM|

Delhi Rain-at-india-gateबुधवार की सुबह से हीपंजाबमें मौसम बदला-बदला देखने को मिला। स्काइमेट के अनुमानों के अनुसार पंजाब में पहले ही बारिश शुरू हो चुकी है।अमृतसर, गुरुदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला,लुधियाना, फ़िरोज़पुर और जालंधर में आज तड़के से ही गरज के साथ वर्षा हो रही है।

अनुमान है कि बारिश का प्रसार पंजाब के पूर्वी भागों और हरियाणा में भी धीरे-धीरे बढ़ेगा। उत्तर भारत में पहुंचे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और इसके प्रभाव से विकसित हुए चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के चलते इन भागों में बारिश हो रही है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र इस समय मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब तथा राजस्थान पर है।

यह दोनों सिस्टम धीरे-धीरे पूर्वी दिशा में आगे बढ़ेंगे, जिससे बारिश के दायरे और इसकी तीव्रता में जल्द ही बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी।हरियाणाके अलावादिल्लीमें भी मौसम में बदलाव की आहट बादलों के रूप में दिखाई देने लगी है। बुधवार की शाम से ही उत्तर भारत के मैदानी भागों में अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज की जाएगी। पंजाब और हरियाणा में अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम जबकि एक-दो जगह भारी बारिश होने के आसार हैं। इन भागों में कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं।

हालांकि दिल्ली में बुधवार की शाम से कुछ स्थानों पर बारिश की शुरूआत हल्की बौछारों के साथ होगी लेकिन अगले 24 घंटों के दौरान गतिविधियां बढ़ेगी। स्काइमेट का अनुमान है कि 26 जनवरी को दिल्ली सहित उत्तर भारत के अधिकांश मैदानी हिस्सों में अच्छी वर्षा दर्ज की जाएगी। मैदानी भागों में सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहे अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। कुछ भागों में अधिकतम तापमान 16 डिग्री से नीचे जा सकता है जिससे दिन में शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं।

Image credit: Prokerala.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

author image