[Hindi] महाराष्ट्र का साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान (12 से 18 अक्टूबर, 2020), और फसल सलाह

October 12, 2020 7:19 PM | Skymet Weather Team

आइए जानते हैं 12 से 18 अक्टूबर के बीच कैसा रहेगा मौसम।

महाराष्ट्र में इस साल काफी अच्छी बारिश हो रही है। पहले दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून काफी अच्छा गुजरा और अब बंगाल की खाड़ी से आने वाले सिस्टम बारिश दे रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से विदर्भ तथा मराठवाड़ा सहित दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में बारिश की गतिविधियां जारी हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान विदर्भ, मराठवाड़ा तथा दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश की गतिविधियां दर्ज की गई हैं। मुंबई और आसपास भी हल्की बारिश हुई है।

इस समय एक डीप डिप्रेशन बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश की तरफ आ रहा है। बंगाल की खाड़ी से महाराष्ट्र होकर अरब सागर तक एक ट्रफ भी गुजर रही है जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ तथा मराठवाड़ा में मध्यम बारिश हो सकती है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी है। 14 तारीख को मराठवाड़ा तथा मध्य महाराष्ट्र में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।

मुंबई तथा उप-नगरीय इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है। 15 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियां मध्य महाराष्ट्र तथा कोंकण और गोवा की तरफ बढ़ जाएंगी। उस दौरान पुणे, नाशिक, मुंबई, रायगढ़, दहानू, ठाणे आदि जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

16 अक्टूबर होते-होते बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी परंतु पूरे महाराष्ट्र में हल्की बारिश और एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश जारी रह सकती है। 17 और 18 अक्टूबर को भी बारिश की गतिविधियां महाराष्ट्र में जारी रहेंगी परंतु तीव्रता में कमी आ जाएगी।

महाराष्ट्र के किसानों के लिए फसल सलाह:

इस सप्ताह अधिकांश इलाकों में बारिश की संभावनाओं को देखते हुए किसानों को स्काइमेट का सुझाव है कि अगर फसलों की कटाई कर ली है तो उसे सुरक्षित स्थानों पर रखें और खड़ी फसलों के खेतों में से भारी बारिश की स्थिति में पानी के निकासी का उचित प्रबंध करें।

विदर्भ में खासतौर पर बारिश की संभावना है। विदर्भ के अलावा मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश हो सकती है इसलिए किसानों को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है। इस समय महाराष्ट्र के किसान बुआई, छिड़काव आदि ना करें। अगले सप्ताह मौसम साफ होने पर ही खेती से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हों।

Image Credit: Maharashtra Today

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES