Skymet weather

[Hindi] हरियाणा का साप्ताहिक मौसम पूर्वानुमान और फसल सलाह (23 से 29 दिसम्बर, 2020)

December 23, 2020 2:42 PM |

आइए जानते हैं कैसा रहेगा हरियाणा 23 से 29 दिसम्बर के बीच एक सप्ताह के दौरान मौसम का हाल।

हरियाणा में एक बार फिर शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। 25 दिसंबर तक शीतलहर राज्य के कई जिलों में जारी रहेगी। हरियाणा में अधिकांश जिलों के न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बने रहेंगे। अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम बने रहने की संभावना है। सुबह के समय कई स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है जिससे यातायात में कठिनाई होने की आशंका है।

इस बीच एक नया और प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ 26 दिसंबर के आसपास पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों के पास आएगा। उस समय हरियाणा में न्यूनतम तापमान कुछ बढ़ सकते हैं।

27 दिसंबर के आसपास हरियाणा के उत्तरी जिलों पंचकुला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर और आसपास के भागों में हल्की बारिश होने की संभावना है। रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, सिरसा, हिसार, नारनौल समेत शेष भागों में भी बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन दक्षिणी भागों में वर्षा की संभावना बहुत कम है।  

अगले 2 दिनों के दौरान 24 और 25 दिसंबर को हरियाणा के कई भागों में सुबह के समय पाला पड़ सकता है। पाला पड़ने की स्थिति में खेतों में पानी लगा देने से फसलों को नुकसान से बचाया जा सकता है।

हरियाणा के किसानों के लिए इस हफ्ते की एड्वाइज़री

आने वाले दिनों में मौसम ठंडा रहेगा और राज्य में शीतलहर जारी रहने का अनुमान है। आलू की फसल में लेट ब्लाइट के लक्षण दिखाई दें तो इंडोफिल एम-45, 500 मिली 250 से 350 लीटर पानी की दर से घोल बनाकर छिड़काव करें। 7 दिन के अंतराल पर छिड़काव दोहराएँ।

टमाटर की दूसरी फसल के लिए मौसम उपयुक्त है। दूसरी फसल के लिए खेत तैयार करें। पिछले माह बताई गई किस्मों को प्रयोग में लें तथा बिजाई से पहले 2.5 ग्राम एमिसान या थाइरम दवा से प्रति किग्रा. बीज का उपचार करें। कम तापमान होने के कारण अंकुरण तथा पौध की बढ़वार धीमी होगी। जल्दी अंकुरण तथा पौध को पाले से बचाने के लिए नर्सरी को रात में पॉलीथीन की शीट से ढँक कर रखें।

कपास की पुरानी फसल में गुलाबी सूँडी की रोकथाम हेतु आखिरी चुनाई के बाद खेतो में पशुओं को चरने के लिए छोड़ सकते हैं। अभी किसी प्रकार के छिड़काव की आवश्यकता नहीं है।

Image credit: The Indian Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try