Skymet weather

[Hindi] हरियाणा का साप्ताहिक (8 से 14 अप्रैल, 2020) मौसम पूर्वानुमान और फसल सलाह

April 8, 2020 10:56 AM |

आइए जानते हैं कैसा रहेगा हरियाणा में 8 से 14 अप्रैल के बीच एक सप्ताह के दौरान मौसम का हाल। पिछले हफ्ते हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश हुई थी। लेकिन अब राज्य में मौसम साफ हो जाएगा।

हालांकि 9 अप्रैल को हरियाणा के कुछ भागों में हल्की वर्षा हो सकती है। राज्य के कई जिलों में बादल छाएंगे लेकिन बारिश के आसार सिरसा, फ़तेहाबाद, हिसार और भिवानी जैसे पश्चिमी जिलों में है।

उसके बाद 10 से 14 अप्रैल के बीच पंचकुला, चंडीगढ़, अंबाला, करनाल, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, फ़तेहाबाद, सिरसा, सोनीपत, पानीपत, पलवल, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार और जींद समेत अधिकतर जिलों में पूरे सप्ताह आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा।

इसके चलते समूचे हरियाणा में तापमान बढ़ेगा और सप्ताह के अंत तक पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में दिन का तापमान बढ़ते हुए 40 डिग्री तक पहुँच जाएगा। शुष्क हवाएँ भी चलेंगी।

हरियाणा के किसानों के लिए इस हफ्ते की एड्वाइज़री....

मुख्यतः शुष्क मौसम के अनुमान को देखते हुए किसानों को सलाह है कि तैयार फसलों की तुरंत कटाई करें। गेहूं की बालों का रंग जब सुनहरा या ललाई लिए हो तो फसल को पकी समझें, अधिक पकने से दाने झड़ने का डर रहता है। लेकिन मड़ाई फसल के ठीक से सूख जाने पर ही करें।

कोविड़-19 (कोरोना वाइरस) के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए किसानों को सुझाव है कि कटाई-मड़ाई मशीनों से ही करें। काम करते समय आपस में उचित दूरी बनाए रखें।

अगर मड़ाई थ्रेशर मशीन से करनी हो तो मशीन को समतल जमीन पर ही लगाएँ ताकि कंपन कम हो। मशीन को चलाने से पहले एक बार हाथ से मशीन को चलाकर देखें ताकि किसी भी प्रकार का रुकावट का पता चल सके।

थ्रेशर का सिलेन्डर उसी दिशा घूमना चाहिए जैसा कि निशान द्वारा दर्शाया गया हो। 

Image credit: News Nation

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try