[Hindi] पटना, गया सहित बिहार में कुछ स्थानों पर वर्षा; जल्द बढ़ेगा मॉनसून

June 19, 2017 1:46 PM | Skymet Weather Team

बिहार के कुछ भागों में मॉनसून पहुँच गया है। राज्य के भागलपुर सहित पूर्वी हिस्सों में मॉनसून के आगमन के बाद भी अच्छी बारिश का इंतज़ार अभी बरकरार है। इस बीच राज्य में बारिश बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल राज्य के उत्तर में कुछ इलाके ऐसे हैं जहां बीते दिनों से हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

भागलपुर सहित पूर्वी बिहार में आगमन के बाद मॉनसून के बाकी भागों में पहुँचने में अभी वक्त है। मॉनसून से पहले की बारिश की बात करें तो उत्तरी बिहार विशेषरूप से अररिया, पूर्णिया, सुपौल और किशनगंज में अगले 2-3 दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। बिहार के मध्य भागों में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने के आसार बन रहे हैं। अगले 2-3 दिनों के दौरान पटना और गया जैसे जिलों में मॉनसून से पहले हल्की वर्षा दर्ज की जा सकती है।

[yuzo_related]

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बिहार के कई भागों में 21-22 जून से बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होगी। कई भागों में शुरू होने वाली इस बारिश से उम्मीद है कि मॉनसून के आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। इस दौरान पटना और मुजफ्फरपुर सहित मध्य भागों तक दक्षिण पश्चिम मॉनसून का आगाज़ हो सकता है।

बिहार के उत्तरी इलाकों में जहां तापमान सामान्य के आसपास चल रहा है वहीं राजधानी पटना में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में 20 जून से वर्षा बढ़ेगी जिसके चलते 21 जून से तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। ज़ाहिर है 21 जून से गर्मी से राहत मिलेगी।

पंजाब से पूर्वोत्तर भारत तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। यह ट्रफ बिहार के उत्तरी भागों पर है जिसके चलते यहाँ बीते दिनों से बारिश हो रही है। आने वाले समय में ट्रफ और सक्रिय हो सकती है जिससे राज्य के बाकी हिस्सों में वर्षा बढ़ेगी। दक्षिण पश्चिम मॉनसून अगले 2-3 दिनों में बिहार में और आगे बढ़ेगा। इस दौरान पटना और मुजफ्फरपुर सहित आसपास के भागों में मॉनसून का आगाज़ हो सकता है।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES