[Hindi] दिल्ली में दिन होंगे गर्म, रात में जारी रहेगी सर्दी

February 13, 2017 5:03 PM|

Delhi sunny morningदिल्लीमें मौसम लुका-छिपी का खेल खेल रहा है। दिन में जहां तेज़ धूप के चलते गर्म कपड़े बीते दिनों की बातें लगें वहीं दिन ढलने के साथ ही मौसमी परिदृश्य पूरी तरह से बदल जा रहा है और रात में ठंड से बचने के उपाय करने के लिए यह मजबूर कर रहा है।

इस समय दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। आज सुबह 8.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। दूसरी ओर दिन का तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है।

बीते 24 घंटों के इन आंकड़ों के आधार पर हम कह सकते हैं कि दिन और रात के तापमान में अंतर लगभग 16 डिग्री सेल्सियस का है। यही मुख्य कारण है कि दिन गर्म हो रहा है और रात में अच्छी सर्दी बनी हुई है। इस स्थिति की वजहों को परखें तो जो मुख्य कारण समझ में आता है वह है साफ आसमान और शुष्क मौसम। इसके चलते दिन में अच्छी धूप तापमान बढ़ा रही है जबकि रात में स्वच्छ वातावरण के चलते धरती से दिन भर की धूप की गर्मी निकलने में कोई व्यवधान नहीं है जिससे पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाएँ तापमान को तेज़ी से नीचे ले जाती हैं और मौसम ठंडा प्रतीत होने लगता है।

अगले कुछ दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में यह व्यापक अंतर इसी तरह बना रह सकता है। क्योंकि रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी का क्रम शुरू होगा और यह 3-4 डिग्री ऊपर जा सकता है और दिन का तापमान बढ़ते हुए 28 डिग्री तक पहुँच सकता है। दरअसल उत्तर भारत में 14 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ पहुँच रहा है जो 19 फरवरी तक बना रह सकता है। इस सिस्टम के चलते उत्तर से दिल्ली तक पहुँचने वाली ठंडी हवाओं का मार्ग बाधित होगा जिससे दिन और रात के तापमान में वृद्धि का क्रम शुरू होगा।

Image credit: Vishwagujarat

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

author image