[Hindi] दिल्ली के पालम में दृश्यता शून्य पर पहुंची; अब बढ़ेगी सर्दी

December 14, 2018 11:33 AM|

Delhi fog at Palam Airport -The Quint 600

दिल्ली, नोएडा, गाज़ियाबाद, फ़रीदाबाद और गुरुग्राम में सर्दी बढ़ रही है। कुछ भागों में तापमान सामान्य से नीचे पहुँच गया है। जिसका लोगों को इंतज़ार भी था। बीते दो-तीन दिनों के दौरान बारिश का मौसम बना हुआ था। साथ ही उत्तर के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही थी। अब सभी जगहों पर मौसम शुष्क हो गया है। जिससे उत्तर-पश्चिमी हवाएँ पहाड़ों से बर्फबारी की ठंडक लेकर मैदानी राज्यों तक पहुँच रही हैं।

इन ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान पिछले दिन के 11 डिग्री के मुक़ाबले शुक्रवार को गिरकर 8 डिग्री पर पहुँच गया। पालम में भी पारा गिरकर 9.2 डिग्री रहा। तापमान में तेज़ गिरावट और बारिश के बाद हवा में मौजूद नमी के कारण पालम सहित कुछ हिस्सों में आज अचानक घना कोहरा देखने को मिला। पालम में कोहरे के चलते सुबह दृश्यता घटकर शून्य पर पहुँच गई। हालांकि थोड़े समय बाद ही स्थिति में सुधार हुआ जिससे फ्लाइट ऑपरेशन में ज़्यादा दिक्कत नहीं आई।

अनुमान है की अगले पाँच-छः दिन तक उत्तर-पश्चिमी ठंडी और शुष्क हवाएँ ही चलेंगी जिससे सर्दी और बढ़ेगी। हालांकि हवा की रफ्तार कम है जिससे आज कुछ स्थानों पर विशेषकर पालम और आसपास के भागों पर दिखा कोहरा कल भी जारी रहेगा। इस समय हवा की रफ्तार 10 से 12 किलोमीटर है। रविवार से हवा कुछ रफ्तार पकड़ेगी उसके बाद पालम में भी कोहरे में कमी आ जाएगी।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का आंकलन है कि पालम में रविवार की सुबह तक मध्यम कोहरा बना रह सकता है। उसके बाद अगले चार-पाँच दिनों तक कोहरे में कमी रहेगी क्योंकि हवा की रफ्तार बढ़कर 12-15 किलोमीटर प्रतिघण्टे तक जा सकती है। इन ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण दिन और रात का तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री नीचे पहुँच जाएंगे। दिन का तापमान 20-21 और रात का तापमान 6 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।

Image credit: The Quint

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

 

author image