Skymet weather

[Hindi] दिल्ली में बारिश की नाउम्मीदी के बीच रात और सुबह के समय मौसम होने वाला है सुहावना

October 5, 2020 9:30 AM |

दिल्ली में मौसम धीरे-धीरे खुशनुमा होने वाला है। मॉनसून सीजन खत्म होने के बाद अब इंतजार दिन और रात के तापमान में गिरावट का है। अक्टूबर महीने को दिल्ली के लिए बदलाव का महीना माना जाता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अक्टूबर का औसत तापमान सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री है। न्यूनतम तापमान में सितंबर से अक्टूबर के बीच लगभग 5 डिग्री का अंतर आ जाता है जबकि अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस का अंतर आता है। साफ आसमान के बीच तेज धूप के कारण दिन के तापमान में बड़ी गिरावट नहीं होती जबकि रात में खिली चांदनी के बीच तापमान धीरे-धीरे नीचे जाता रहता है।

सितंबर की तुलना में अक्टूबर में दिल्ली में बहुत कम बारिश होती है। कई बार राष्ट्रीय राजधानी में अक्टूबर महीने में बारिश बिल्कुल भी नहीं दर्ज की जाती। पूरा महीना सूखा बीत जाता है। अक्टूबर में दिल्ली की औसत बारिश का आंकड़ा 13.7 मिलीमीटर है। लेकिन बारिश अधिक होगी या कम यह मॉनसून की वापसी पर ही यह निर्भर करता है। जैसा कि हमने 2019 में देखा था। मॉनसून की वापसी दिल्ली से 10 अक्टूबर को हुई और इसी वजह से अक्टूबर महीने में 43.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह बारिश भी महज 2 दिनों में 3 और 4 अक्टूबर को ही दर्ज की गई। इसके विपरीत इस साल दिल्ली से 30 सितंबर को ही मॉनसून वापस लौट गया। उसके पहले से बारिश नहीं हो रही है। अब भी बारिश की संभावना अक्टूबर के पहले पखवाड़े तक बहुत कम है। बल्कि यह कह सकते हैं कि पूरे अक्टूबर महीने में बारिश की संभावना ना के बराबर रहती है।

यह महीना दिल्ली समेत उत्तर भारत के लिए बदलाव का महीना होता है। इसकी शुरुआत में ही मॉनसून के वापस जाने के बाद हवाओं के रुख में परिवर्तन होता है और स्थाई तौर पर उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाएं चलने लगती हैं जिससे न्यूनतम तापमान में व्यापक गिरावट शुरू हो जाती है। हालांकि 7 से 9 अक्टूबर के बीच हवाओं का रुख फिर से बदलकर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हो सकता है क्योंकि उसी दौरान मध्य प्रदेश पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र ओडिशा की तरफ से आने वाला है। इससे फिर से न्यूनतम तापमान कुछ बढ़ जाएगा लेकिन इस सिस्टम के आगे निकलने के बाद और कमजोर होने के बाद उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएँ स्थायी रूप से डेरा जमाएंगी जिससे शुभकामनाएं रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। जाहिर है रात और सुबह के मौसम में हल्की-हल्की सर्दी का एहसास होने लगेगा और मौसम खुशनुमा होता जाएगा।

यह लगातार दूसरा वर्ष है जब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मॉनसून का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। साल 2020 का मॉनसून सामान्य से 20% कम वर्षा के साथ विदा हुआ है और सितंबर में कम बारिश के कारण ही यह पिछले दो दशकों का सबसे गर्म सितंबर रहा।

Image credit: The Indian Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try