[Hindi] चीन में कोरोना वायरस के मरीज़ों की संख्या बढ़कर 60 हज़ार के पार पहुंची, मृतकों का आँकड़ा 1350 से ऊपर

February 13, 2020 9:01 PM | Skymet Weather Team

चीन के हुबेई में फैले कोरोना वायरस से दुनिया दहशत में है। वुहान प्रांत के हुबेई से हर दिन डरावनी खबरें आ रही हैं। विश्व स्वस्थ्य संगठन समेत समूचा विश्व हर दिन बढ़ते मामलों के कारण चिंतित है। जब से संक्रामण फैला है तब से लेकर अब तक बुधवार यानि 12 फरवरी का दिन सबसे बुरा रहा, क्योंकि इस एक दिन में सबसे ज़्यादा 242 लोगों की मौत हुई। कोरोना की चपेट में एक दिन में इतनी ज़्यादा मौतें पहली बार हुई हैं।

कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में भी इज़ाफ़ा होता जा रहा है। हुबेई में 14840 और लोग इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। हुबेई में जाँच के तरीके बदले गए हैं। संदिग्ध संक्रमित लोगों की व्यापक तरीक़े से जांच हो रही है। इसलिए मरीजों का नंबर तेज़ी से बढ़ रही है।

भारत में भी तीन नए मामले 

बैंकॉक से कोलकाता आए एक हवाई जहाज़ में परीक्षण के दौरान दो लोगों में संक्रामण के लक्षण पाये गए हैं। इसके अलावा बैंकॉक से ही दिल्ली आ रही फ्लाइट में दिल्ली हवाई अड्डे पर जांच में एक यात्री को संक्रमित पाया गया है।

बढ़ती जा रही है चीन में मृतकों की संख्या

बुधवार को 242 मौतों को मिलकर अब चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 1350 से भी ज़्यादा हो गई है। कोरोना की फ़िलहाल कोई दवा सामने नहीं आई है। एहतियात ही बचाव है।

हुबेई में जाँच के तरीक़े बदल दिए गए हैं। अब उन लोगों को भी संक्रमित लोगों में शामिल किया जा रहा है, जिनके सीटी स्कैन में फेफड़े का संक्रमण दिख रहा है और जिनमें थोड़े बहुत भी लक्षण दिखाई दे रहे हैं। पहले सिर्फ़ न्यूक्लेइक एसिड टेस्ट पर ही भरोसा किया जा रहा था।

Also read this: Three new suspected cases of Coronavirus in Kolkata, Delhi

इस बीच समुद्र में भ्रमण कर रहे क्रूज को कंबोडिया ने अपने देश के तट पर डेरा डालने की अनुमति दे दी है। पाँच देशों जापान, ताइवान, गुआम, फिलीपिंस और थाइलैंड ने इस जहाज़ को वापस भेज दिया था। इन देशों को आशंका थी कि इसमें सवर 2000 यात्रियों में कुछ कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने कंबोडिया के फ़ैसले का स्वागत किया है।

दूसरी ओर जापान के योकोहामा में अलग-थलग रखे गए जहाज़ डायमंड प्रिंसेस में कोरोना वायरस से संक्रामण के 44 अन्य मामले सामने आए हैं। इसे मिलकर जहाज़ पर मौजूद 3700 लोगों में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 218 हो गई है। मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार जहाज़ पर अभी भी सभी की जांच नहीं हुई है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन में आपात सेवाओं के प्रमुख माइकल रयान ने कहा है कि संगठन को 441 में से आठ मामलों में संक्रमण के स्रोत पता लगाने में सफलता मिल गई है। हालांकि यह सभी मामले चीन के बाहर के हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह भी उम्मीद जताई है कि इसका वैक्सीन तैयार कर लिया जाएगा।

Image credit: YouTube

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

OTHER LATEST STORIES