[Hindi] श्रीनगर, लेह, गुलमर्ग, शिमला, रोहतांग और नैनीताल में जारी वर्षा व बर्फबारी

March 15, 2018 6:16 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में बादल छाए हुए हैं और जम्मू कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर हल्की तो एक-दो स्थानों पर मध्यम वर्षा हो रही है। उत्तराखंड में भी बादल दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अब तक विशेष बारिश नहीं हुई है। राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की वर्षा एक-दो स्थानों पर देखने को मिल सकती है।

इस समय जम्मू कश्मीर के पास एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब के ऊपर है। दोनों सिस्टमों के प्रभाव से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई जगहों पर पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की वर्षा हुई है। दोनों राज्यों के ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी और एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश भी रिकॉर्ड की गई है। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

अनुमान है कि दोनों पर्वतीय राज्यों में आज तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी। उत्तराखंड में अपेक्षाकृत मौसमी हलचल कम होगी और कुछ स्थानों तक ही बौछारें सीमित रहेंगी। कल पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी दिशा में निकल जाएगा जिससे पश्चिमी हिमालयी राज्यों में बारिश कम हो जाएगी। हालांकि आंशिक बादल कल भी छाए रहेंगे और कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर जबकि उत्तराखंड में एक-दो जगहों पर वर्षा जारी रहेगी।

[yuzo_related]

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पर्वतीय राज्यों में शनिवार और रविवार को मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। हालांकि शुष्क मौसम के बाद भी पहाड़ी राज्यों के तापमान में गिरावट होगी क्योंकि सप्ताह के आखिरी दोनों दिन मध्यम हवाएँ चलेंगी जिससे आप पहाड़ों पर शुष्क और सुहावने मौसम का आनंद ले सकते हैं। बारिश से पहले दिन का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा था। शीतल हवाओं के चलते अगले 2-3 दिन तक यह नियंत्रण में रहेगा।

Image credit: Ahataxis

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES