[Hindi] स्काइमेट ने जैसा पूर्वानुमान जारी किया था, उत्तर भारत में बदल गया मौसम, कई राज्यों में व्यापक वर्षा की संभावना

January 22, 2021 1:00 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के राज्यों में उम्मीद के मुताबिक मौसम ने करवट ले ली है। स्काइमेट ने पहले ही इस बदलाव की जानकारी जारी कर दी थी। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के करीब कल शाम यानी 21 जनवरी की शाम को ही पहुंच गया था जिससे बीते 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की वर्षा भी हुई है। इस मौसमी सिस्टम का व्यापक असर आज और कल यानी 22 और 23 जनवरी को उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों और मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिलेगा।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मैदानी इलाकों में एक सरकुलेशन राजस्थान, पंजाब और इससे सटे मध्य पाकिस्तान पर बना हुआ है। इसके कारण हवाओं का रुख पंजाब से लेकर हरियाणा, दिल्ली में भी बदल रहा है। हालांकि राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों और उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, गुजरात आदि राज्यों में पश्चिमी दिशा से हवाएं अभी भी चल रही हैं जिसके कारण इन भागों में मौसम ठंडा रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी जबकि हरियाणा पंजाब और दिल्ली में हवाओं का रुख बदने से तापमान में अब बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

वर्तमान दो सक्रिय मौसमी सिस्टमों के कारण हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा उत्तरी राजस्थान के आसमान पर भी आंशिक बादल छाए हुए हैं। इन भागों में बादल 23 जनवरी को भी इसी तरह से बने रहेंगे। लेकिन उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश के आसार मैदानी क्षेत्रों में महज पंजाब और हरियाणा में है खासतौर पर हरियाणा व पंजाब के तराई क्षेत्रों में।

पंजाब में जहां अमृतसर, तरनतारन, जालंधर, पठानकोट और आसपास के इलाकों में वर्षा की संभावना है वहीं हरियाणा में अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्र में बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बरेली, शाहजहांपुर जैसे तराई वाले इलाकों में वर्षा की संभावना नजर आ रही है। उत्तर पश्चिम भारत के बाकी सभी भागों के साथ-साथ राजस्थान में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि आंशिक बादल इस दौरान छाए रहेंगे।

उत्तर के पहाड़ों पर होगी भारी बर्फबारी

सबसे व्यापक बदलाव उत्तर भारत के पहाड़ों पर दिखाई देगा जहां भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना। अगले 48 घंटों के दौरान है 22 और 23 जनवरी को जम्मू कश्मीर, गिलगित बालटिस्तान, मुजफ्फराबाद के साथ-साथ लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में कई जगहों पर व्यापक वर्षा और हिमपात की गतिविधियां हो सकती हैं। बारिश और बर्फबारी के कारण उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगहों पर हिमस्खलन और भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। मुख्य मार्गों पर बड़े पैमाने पर बर्फ इकट्ठा होने के कारण रास्ते बंद हो सकते हैं।

उत्तर भारत के पवित्र तीर्थ स्थल वैष्णो देवी में भी इस दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना है। गौरतलब है कि पर्वतीय क्षेत्रों में जम्मू-कश्मीर में ही सबसे अधिक वर्षा व हिमपात की घटनाएँ हो सकती हैं। 24 जनवरी को मौसमी हलचल काफी कम हो जाएगी। हालांकि कुछ स्थानों पर रुक रुक कर हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी 24 जनवरी को भी जारी रहेगी। 25 जनवरी से मौसम पूरी तरह से साफ होने की संभावना है।

Image credit: Scroll

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES