[Hindi] दिल्ली में सीजन में पहली बार पारा 5 डिग्री पर, अगले 2 दिन कड़ाके की सर्दी

January 4, 2018 5:38 PM | Skymet Weather Team

राजधानी दिल्ली में 4 जनवरी की शुरुआत सीज़न की सबसे ठंडी सुबह के साथ हुई है। दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री दर्ज किया गया जो इस सर्दी का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। बीते कई दिनों से दिल्ली में कोहरा प्रभावी हो रहा था जिससे दिन में धूप कम थी और दिन का तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा था। हालांकि न्यूनतम तापमान में 1 जनवरी के बाद आज गिरावट हुई है और यह 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया है।

दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में आमतौर पर 1 दिसम्बर से 31 जनवरी के बीच सर्दी चरम पर होती है। इसमें भी 25 दिसम्बर से 25 जनवरी के बीच सबसे अधिक सर्दी देखने को मिलती है। इस बार दिसम्बर तक पारा 6 से नीचे नहीं गया था जबकि 1 जनवरी को यह गिरकर 5.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया था। आज नए वर्ष का चौथा दिन है और तापमान 5 डिग्री पर पहुँच गया है।

[yuzo_related]

पिछले 24 घंटों से दिल्ली में सर्दी बढ़ी है। मौसम विशेषज्ञ इसकी वजह पहाड़ों से होकर आ रही ठंडी हवाओं को मान रहे हैं। जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ था जो अब आगे निकल गया है और पहाड़ों से बर्फीली हवाएँ मैदानी राज्यों में आ रही हैं जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। इन हवाओं के प्रभाव से गुजरात और राजस्थान के कई इलाकों में तापमान में भारी कमी दर्ज की गई है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों तक इसी तरह से ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलती रहेंगी जिससे तापमान में और कमी आ सकती है। अगले 2 दिनों के दौरान दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाज़ियाबाद और फ़रीदाबाद में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच जबकि अधिकतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा।

Image credit: Financial Express

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES