जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगभग सभी स्थानों पर मौसम शुष्क हो गया है। आने वाले दिनों में कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ आता दिखाई नहीं दे रहा है जिससे कश्मीर में ऊंचे पहाड़ों को छोड़कर बाकी सभी स्थानों पर कम से कम अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि अगले 24 घंटों के दौरान कश्मीर और हिमाचल के ऊंचे पहाड़ों पर बादलों की गर्जना के साथ छिटपुट वर्षा हो सकती है।
स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर के पास बना हुआ है। हालांकि यह सिस्टम कमजोर है जिससे पर्वतीय राज्यों के मौसम को बदलने में नाकाम रहेगा। संभावना है कि इसके असर से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आंशिक बादल छाए रहेंगे। कश्मीर की ऊंची चोटियों पर हल्की वर्षा हो सकती है। जबकि कश्मीर के निचले इलाकों, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा।
पर्वतीय राज्यों में पिछले कुछ दिनों से जारी शुष्क मौसम के चलते तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ऊपर चल रहा है। यानि पहाड़ी राज्यों के निचले भागों पर भी गर्मी ने दस्तक दे दी है। आने वाले दिनों में भी पर्वतीय राज्यों में मौसम शुष्क और गर्म ही रहेगा क्योंकि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ जैसा कोई मौसमी सिस्टम आता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है।
पर्यटकों की नज़रिये से अगर उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों का मौसम देखें तो गुलमर्ग, पहलगाम, लेह, लद्दाख, श्रीनगर, शिमला, धर्मशाला और लाहौल स्पीति जैसे जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे स्थानों पर मौसम सुहवाना होगा। दोपहर में इन भागों में भी गर्मी होगी लेकिन रात और सुबह के समय खुशनुमान मौसम का आनंद आप ले सकते हैं। हालांकि इन स्थानों पर भी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है।
[yuzo_related]
दूसरी ओर उत्तराखंड में अधिकांश स्थानों पर पारा सामान्य से काफी ऊपर पहुँच गया है। मसूरी और जोशीमठ सहित अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य से 6-7 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुँच गया है जिससे राज्य के अधिकतर इलाकों में गर्मी बढ़ गई है। लेकिन अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में हलचल ना के बराबर होगी जिससे पर्यटन के लिहाज से यह समय काफी अनुकूल रहेगा।
वैष्णो देवी में भी मौसम शुष्क और गर्म रहने का अनुमान है। इस समय कटरा में दिन का तापमान लगभग 37-38 डिग्री के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच रहा है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है। जबकि भवन पर पारा दिन में 30 डिग्री और रात में 15 डिग्री के आसपास रहेगा। श्रद्धालुओं को खराब मौसम के चलते परेशानी नहीं होगी। दिन में गर्मी अधिक होगी जबकि रात में मौसम ठंडा और सुहवाना रहेगा।
Image credit: IndiaSomeDay
कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।