[Hindi] पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा व पश्चिम बंगाल में प्री-मॉनसून वर्षा जारी रहने के आसार, इन भागों में अब गर्मी का भी कसेगा शिकंजा

April 8, 2020 9:28 PM | Skymet Weather Team

इस साल पूर्वी भारत के अधिकांश राज्यों में सामान्य से काफी अधिक वर्षा दर्ज की गई है। 1 मार्च से 8 अप्रैल के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में सामान्य से 385% अधिक वर्षा हुई है। जबकि बिहार में 382% ज़्यादा, ओडिशा में 117% अधिक और गंगीय पश्चिम बंगाल में 40% ज़्यादा बारिश हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी ओडिशा और झारखंड में कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई है।

पूर्वी भारत के इन भागों में आने वाले समय में भी बारिश की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र पर बना हुआ है। साथ ही एक ट्रफ उत्तर प्रदेश से दक्षिण भारत में कर्नाटक तक बनी है। यह ट्रफ धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ेगा इसलिए, हमें उम्मीद है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा के कुछ हिस्सों, बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

कल से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी, लेकिन झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों में बारिश जारी रहेगी। 10 अप्रैल तक पूर्वी भागों में मौसम साफ हो सकता है। हालांकि तटीय ओडिशा में उसके बाद भी बारिश हो सकती है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में दिन का तापमान 38 डिग्री के करीब पहुँच रहा है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में एक-दो स्थानों पर पारा 40 डिग्री के स्तर पर पहुँच गया है। उम्मीद है कि पूर्वी भारत के शहरों में जल्द तापमान बढ़ते हुए सामान्य से ऊपर पहुँच जाएगा।

पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आने वाले दिनों में 38 से 40 डिग्री के करीब पहुँच सकता है पारा। झारखंड में भी एक-दो स्थानों पर तापमान में तेज़ी से वृद्धि होगी। प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, मिर्ज़ापुर, गया, नवादा, जमुई, बांका, कोलकाता और आसनसोल समेत कई शहरों में 40 डिग्री के करीब पहुंचे तापमान के चलते तेज़ गर्मी जल्द अपना शिकंजा कस लेगी।

Image credit: DNA India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

पूरे भारत का मौसम जानने के लिए देखें वीडियो

OTHER LATEST STORIES