[Hindi] पश्चिमी विक्षोभ आगे निकला, जम्मू कश्मीर में मौसम का प्रकोप ख़त्म

April 9, 2017 4:20 PM | Skymet Weather Team

बीते कुछ दिनों के दौरान उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों विशेषकर कश्मीर घाटी में भारी बारिश और बर्फबारी के बाद बाढ़ जैसे हालात बने हुए थे। राज्य में मौसमी गतिविधियों के लिए ज़िम्मेदार पश्चिमी विक्षोभ अब आगे निकल गया है जिससे बारिश, बर्फबारी बंद हो गई है और बाढ़, भूस्खलन, हिमस्खलन तथा बर्फीले तूफान जैसी हलचलों से राहत मिली है।

कश्मीर घाटी में कई जगहों पर बर्फीला तूफान जहां ऊंचे पर्वतीय इलाकों में जनजीवन को प्रभावित कर रहा था वही भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं से घाटी के निचले इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ था। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल गया है जिससे राज्य में मौसमी हलचल शांत हो गई है और स्थिति अब नियंत्रण में है।

सलाम है भारतीय सेना के जवानों को जिन्होंने मौसम की इस आपदा के दौर में राहत और बचाव शीघ्रता से पहुंचाने में सराहनीय प्रयास किया। मौसम में सुधार होने के चलते राहत और बचाव कार्यों में सेना के जवानों को मदद मिली। हालांकि इसमें दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि बर्फीले तूफान की चपेट में आने से तीन भारतीय जवानों की जान चली गई। देश की रक्षा में मुस्तैदी से अपनी सेवाएं देते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दे दिया।

स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अप्रैल महीने में जम्मू कश्मीर में ऐसा मौसम आमतौर पर देखने को नहीं मिलता है। आंकड़ों में देखें तो बीते 6 अप्रैल को श्रीनगर में 83 मिलीमीटर की भारी बारिश दर्ज की गई जो अप्रैल महीने में अब तक का सबसे अधिक वर्षा का रिकॉर्ड है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह प्रभावी पश्चिम विक्षोभ इस सीजन का आखरी सशक्त सिस्टम हो सकता है।

इस बीच पिछले 24 घंटों में भी कुछ स्थानों पर पश्चिमी विक्षोभ के बचे प्रभाव से वर्षा और बर्फबारी देखने को मिली। गुलमर्ग में कल सुबह 8:30 बजे से आज सुबह 8:30 बजे के बीच 24 घंटों के दौरान 16 मिलीमीटर वर्षा और बर्फबारी रिकॉर्ड की गई।

अगले दो-तीन दिनों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहेगा उसके पश्चात 13 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के करीब पहुंच सकता है। हालांकि यह सिस्टम बहुत प्रभावी नहीं होगा जिससे भारी वर्षा जैसी अपेक्षा नहीं है लेकिन जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर इसके चलते हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। यह गतिविधियां ऊंचाई वाले इलाकों में ही देखने को मिलेंगी। भारी बारिश या बर्फबारी की अपेक्षा आगामी सिस्टम से फिलहाल नहीं है। उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं।

Image credit: IndiaTV

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES