[Hindi] लंबे समय से प्रतीक्षारत उत्तर भारत में हो सकती है अच्छी वर्षा

March 3, 2016 3:25 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के लोगों के लिए अच्छी खबर यह है कि अगले कुछ दिनों में यहाँ बारिश के चलते मौसम सुहावना होने वाला है। पहाड़ों पर जहां कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की जाएगी वहीं मैदानी भागों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मैदानी भागों में 5 से 9 मार्च के बीच होने वाली बारिश की इन गतिविधियों के साथ-साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।

इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी अफगानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान पर दिखाई दे रहा है। दक्षिणी राजस्थान और उससे सटे गुजरात के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी पहले से ही बना हुआ है, जो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में आने से और सशक्त होगा। इस सिस्टम से एक ट्रफ राजस्थान के ऊपर से दक्षिणी हरियाणा तक बनी हुई है।

यह मौसमी सिस्टम शुक्रवार की शाम से पश्चिमी हिमालयी भागों तथा उत्तर भारत के मैदानी राज्यों को प्रभावित करना शुरू कर देंगे। उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान में अच्छी वर्षा होने की संभावना है। हमारा अनुमान है कि कल शाम से उत्तरी राजस्थान और पंजाब में बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। हालांकि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी अपेक्षाकृत हल्की ही रहेगी। इन राज्यों के ऊंचे इलाकों जैसे पहलगाम और गुलमार्ग में हल्की बर्फबारी देखने को मिलेगी।

बारिश का प्रसार 5 मार्च को उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में फैलेगा और पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा उत्तरी राजस्थान में अच्छी बारिश दर्ज की जाएगी।

जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी 6 मार्च से बढ़ेगी और यह अगले 24 घंटों तक जारी रहेगी। यह अलग बात है कि 7 मार्च से उत्तर पश्चिम भारत में बारिश की तीव्रता में कमी आना शुरू हो जाएगी लेकिन हल्की गतिविधियां 9 मार्च तक बनी रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी पड़ सकते हैं क्योंकि यह मौसम ओलावृष्टि के लिए अनुकूल माना जाता है।

Image Credit: Livemint.com

 

 

OTHER LATEST STORIES