[Hindi] लखनऊ, गोरखपुर, इलाहाबाद, वाराणसी में बढ़ेगी प्री-मॉनसून वर्षा

June 19, 2017 1:00 PM | Skymet Weather Team

उत्तर प्रदेश के तराई वाले जिलों में बीते कुछ समय से छिटपुट वर्षा की गतिविधियां हो रही हैं। जबकि पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाके भीषण गर्मी और उमस की मार से परेशान हैं। हालांकि वर्तमान मौसमी परिदृश्य में अब बदलाव के संकेत हैं। लखनऊ, सीतापुर, बरेली और शाहजहांपुर सहित तराई वाले हिस्सों और पूर्वी भागों में अगले 24 से 48 घंटे में वर्षा बढ़ सकती है।

उत्तर प्रदेश में मॉनसून के आने में अभी थोड़ा वक्त शेष रह गया है। इससे पहले राज्य में मॉनसून के पहले की बारिश से एक ओर जहां मौसम के खुशनुमा होने की संभावना बन रही है वहीं खरीफ की बुआई में किसानों के लिए यह बारिश काफी मदद करने वाली है। इस समय धान की नर्सरी तैयार हो रही है। इस बारिश से नर्सरी को विशेषतौर पर फायदा होगा।

पंजाब से लेकर उत्तर प्रदेश से होते हुए पूर्वी भारत तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे सटे बिहार पर एक मौसमी सिस्टम चक्रवाती क्षेत्र के रूप में हवाओं में दिखाई दे रहा है। इन मौसमी सिस्टमों के चलते उत्तर प्रदेश के अधिकतर भागों में पूर्वी हवाएं व्यापक मात्रा में पहुंचने लगी हैं जो मॉनसून के आगमन का संकेतक भी मानी जा सकती हैं।

[yuzo_related]

पूर्वी नम हवाओं के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर वर्षा होने की संभावना है। राज्य के तराई वाले क्षेत्रों में जल्द ही अच्छी बारिश हो सकती है। लखनऊ, बरेली, गोरखपुर और वाराणसी में वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान आजमगढ़, जौनपुर और इलाहाबाद जैसे पूर्वी जिलों में भी वर्षा में वृद्धि होने के आसार हैं।

बांदा, चित्रकूट, झांसी और कानपुर जैसे मध्य प्रदेश से सटे दक्षिणी सीमावर्ती क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम होंगी। हालांकि राज्य के अधिकांश भागों में चल रही नम पूर्वी हवाओं और छाए बादलों के बाद होने वाली संभावित बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी जिससे लोग राहत महसूस कर सकेंगे।

मॉनसून से पहले की यह बारिश खरीफ फसल की बुवाई को तेज़ी से आगे बढ़ाने में किसानों की मदद करेगी। दक्षिण पश्चिम मॉनसून भी जल्द ही बिहार-झारखंड को पार करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई क्षेत्रों में दस्तक दे सकता है। उम्मीद है कि मॉनसून का राज्य में आगाज अच्छी वर्षा के साथ होगा, जो किसानों के लिए संजीवनी से कम नहीं होगा।

Image credit: Firkee.in

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES