[Hindi] मुंबई बारिश: मुंबई में जुलाई की शुरुआत मूसलाधार बारिश के साथ

July 1, 2019 11:04 AM | Skymet Weather Team

मुंबई में मॉनसून की शुरुआत के साथ ही भारी बारिश भी देखने को मिली है। बीते 2 दिनों से यहां बेहद तेज़ बारिश जारी है। इसके चलते जून में बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर पहुँच गया। जहां जून में औसतन 493 मिलीमीटर मॉनसून वर्षा होती है वहाँ इस बार 516.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश के आंकड़ों में व्यापक बदलाव 25 जून को मॉनसून के आगमन के बाद देखने को मिला है। उससे पहले जून महीने का अधिकांश समय मुंबई में शुष्क रहा है।

जून के बाद मुंबई में जुलाई महीने की भी शुरुआत जोरदार बारिश के साथ हुआ। अँधेरी, कुर्ला, बांद्रा, चरनी रोड, सांताक्रूज़ समेत मुंबई के अधिकांश इलाकों में कल रात से ही भारी बारिश जारी है।

सांताक्रूज में कल यानि 30 जून रात 11:30 बजे से आज यानि 01 जुलाई सुबह 05:30 बजे तक, 63 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। इसी तरह मुंबई के अन्य इलाकों में भी भारी बारिश हुई है। दिन में भी बारिश जारी है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के पश्चिमी तटीय भागों की ओर बढ़ने की संभावना है। जिसके चलते आज यानि 01 जुलाई को भी मुंबई में बारिश जारी रहेगी। इसके अलावा 3 जुलाई की रात से बारिश और बढ़ जाएगी।

Also Read In English: Mumbai Rains: July begins with a bang as Mumbai records 63 mm in 6 hours

मुंबई के लिए जुलाई का महीना बारिश के मामले में काफी अच्छा साबित हो सकता है। इस महीने में मुंबई में होने वाली बारिश का आंकड़ा तीन अंकों तक पहुंचने की संभावना है। आपको बता दें कि मुंबई में जुलाई में औसतन 840 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जाती है।

Image Credit: NEWSXIND

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें ।

OTHER LATEST STORIES