[Hindi] मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक हो सकती है बारिश

April 17, 2019 2:17 PM | Skymet Weather Team

मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में बीते 2-3 दिनों के दौरान गरज के साथ अच्छी बारिश देखने को मिली है। कल राज्य के अधिकांश शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। साथ ही एक-दो स्थानों पर मूसलाधार बारिश भी दर्ज की गई। कहीं-कहीं ओले गिरे और तूफानी हवाएँ चलीं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी गरज के साथ छिटपुट बारिश देखी गयी। इस मौसम के कारण मध्य प्रदेश के 7 जिलों में 11 लोगों के मारे जाने की खबर है। राज्य में कच्चे मकानों को तूफानी हवा ने अपना शिकार बनाया। यह मकान और झोपड़ियाँ क्षतिग्रस्त हो गईं। जिनमें लोग मारे गए।

Also Read In English: Two more days of rain in Madhya Pradesh and Chhattisgarh

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मध्य भागों के ऊपर कोन्फ़्लुएन्स जोन बना हुआ है। वहीं अरब सागर से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाएं भी मध्य भारत के भागों पर पहुँच रही हैं। जिसके कारण मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों में आज गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा एक-दो स्थानों पर धूलभरी आंधी चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। कहीं-कहीं तेज़ बौछारें गिर सकती हैं।

मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। जो बढ़कर कुछ समय के लिए 60 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। इस कोन्फ़्लुएन्स जोन के पूर्वी दिशा की ओर बढ़ने से कल मध्य प्रदेश का मौसम साफ़ होने की संभावना है। हालांकि छत्तीसगढ़ में कल भी बारिश की गतिविधियां दिखने के आसार हैं।

मध्य भारत के दोनों राज्यों छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में 19 अप्रैल से मौसम साफ़ होने के आसार हैं। इसके साथ ही यहां तापमान में भी बढ़ोत्तरी होगी। अनुमान है कि 20 अप्रैल तक मध्य प्रदेश में तापमान बढ़कर 40 डिग्री तक पहुंच जाएगा। जिससे कुछ भागों में लू फिर से प्रभावी हो सकती है।

Image Credit: Huffington Post India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES