[Hindi] बारिश के चलते दिल्ली में 8 डिग्री तक गिरा पारा, लेकिन गर्मी जल्द करेगी वापसी

May 31, 2016 2:40 PM|

Delhi Rain दिल्लीऔर आसपास के शहरों में सोमवार को भी लगातार तीसरे दिन अच्छी बारिश की गतिविधियां जारी रही। बारिश के चलते राजधानी में दिन के तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की व्यापक कमी आई और यह 32.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर आ गया। यही नहीं रात के तापमान में भी गिरावट आई और यह 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो मई के औसत न्यूनतम तापमान से 3 डिग्री कम है।

सोमवार की सुबह 8:30 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान पालम मौसम केंद्र ने 14.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जबकि शहर के मध्य में सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र पर 4.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मई में दिल्ली में औसत बारिश का आंकड़ा है 37.7 मिलीमीटर जबकि 40 मिलीमीटर वर्षा अब तक दर्ज की जा चुकी है। स्काइमेट ने मई महीने के शुरुआत में ही औसत से अधिक वर्षा का पूर्वानुमान लगाया था।

तेज़ गर्मी की जल्द वापसी

मई की विदाई के साथ ही 3-4 दिनों से जारी मौसमी हलचल भी थम जाएगी। स्काइमेट के अनुसारपंजाबऔर आसपास के भागों पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र और इससे पूर्वी भारत के राज्यों तक पहुँच रही ट्रफ अब कमजोर हो गई है। उत्तर भारत में बना पश्चिमी विक्षोभ भी आगे निकल गया है। इन बदलावों के चलते बारिश की गतिविधियों में व्यापक कमी आएगी। मंगलवार को आंशिक तौर पर बादल भले दिखेंगे लेकिन यह तापमान को ऊपर जाने से रोक नहीं पाएंगे।

आज हमारा अनुमान है कि अधिकतम पारा 39 या 40 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है। तापमान में बढ़ोत्तरी का यह क्रम जारी रहेगा। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का आंकलन है कि दिल्ली और आसपास के भागों में अगले 5 दिनों तक कोई मौसमी हलचल संभावित नहीं है जिससे इस दौरान बारिश जैसी गतिविधियों के आसार फिलहाल नहीं हैं।

Image Credit: zeenews

कृपया ध्यान दें:स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध कोई भी सूचना या लेख का इस्तेमाल करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

author image