[Hindi] पंजाब में अच्छी बारिश की बन रही है संभावना

September 20, 2016 4:19 PM | Skymet Weather Team

बीते कई दिनों से उत्तर-पश्चिम भारत के लगभग सभी भागों में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। बारिश के अभाव में पंजाब सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश इलाकों में पारा भी काफी ऊपर है जिससे मौसम बेहद गर्म बना हुआ है। बारिश के आंकड़े देखें तो पंजाब में पिछले 24 घंटों में बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी है। राज्य में तापमान अधिक होने से जहां मौसम गर्म है वहीं आर्द्रता भी ऊपर है जिससे उमस भी परेशान कर रही है। बंगाल की खाड़ी से उठ रही आर्द्र हवाओं के चलते राज्य में उमस बनी हुई है। आर्द्र पूर्वी हवाओं के प्रभाव से दोपहर के समय मौसम कुछ ज़्यादा ही परेशान कर रहा है।

इस बीच संकेत मिल रहे हैं कि पंजाब में जल्द ही मौसम करवट लेगा। स्काइमेट के अनुसार पंजाब के उत्तरी भागों में एक ट्रफ विकसित होने की संभावना है। इसके चलते पंजाब में 22 सितंबर को अच्छी बारिश होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। हालांकि बारिश का संभावित दौर लंबे समय तक रहे इसके आसार कम हैं लेकिन 22 और 23 सितम्बर को अच्छी बारिश के चलते राज्य में मौसम खुशनुमा अवश्य हो जाएगा।

आमतौर पर इस समय तक पंजाब से मॉनसून की वापसी शुरू हो जाती है। लेकिन इस बार अब तक राज्य में पूर्वी नम हवाओं का प्रवाह लगातार बना हुआ है जिसके चलते मॉनसून के वापस होने में देरी हुई है। स्काइमेट का अनुमान है कि आगामी संभावित बारिश के बाद पंजाब सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों से भी मॉनसून की वापसी शुरू हो जाएगी। सितंबर के आखिर तक पूर्वी हवाओं का प्रवाह कम होगा और उसकी जगह पश्चिमी हवाएँ चलना शुरू होंगी जिससे तापमान में गिरावट आएगी। जिसे शीत ऋतु के आगमन का संकेत समझ सकते हैं।

Image credit: Tribune India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

 

OTHER LATEST STORIES