Skymet weather

[Hindi] मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड में आने वाला है बारिश का लंबा दौर, सबसे अधिक प्रभावित होगा झारखंड

February 19, 2020 2:14 PM |

देश के पूर्वी और मध्य भागों का मौसम बदलने वाला है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना दिखाई दे रही है। इन राज्यों में लंबे समय से शुष्क मौसम के बीच उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चल रही थीं, जिसके कारण इन राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा था। लेकिन आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के साथ तापमान बढ़ेगा।

उत्तरी राजस्थान से उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश तक 22 फरवरी को एक ट्रफ रेखा बनेगी। इसके चलते बंगाल की खाड़ी से दक्षिण-पूर्वी आर्द्र हवाएं मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों पर पहुँचेंगी, जिससे इन भागों में बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी। अनुमान है कि 22 फरवरी से ही पूर्वी मध्य प्रदेश में बादल बढ़ जाएंगे, जिससे न्यूनतम तापमान बढ़ जाएगा और दिन के तापमान में कुछ गिरावट आएगी।

English Version: Multiple weather systems to bring back rain in Madhya Pradesh, Chhattisgarh and Jharkhand

मध्य भारत के भागों में मौसम इस लिए भी बदलेगा क्योंकि दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे सटे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होगा और एक ट्रफ झारखंड से ओडिशा तक बनेगी। इन्हीं सिस्टमों के कारण उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड में मौसम करवट लेगा और बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड में 22 फरवरी से में कुछ स्थानों पर बारिश शुरू होगी और 25 फरवरी तक जारी रहेगी। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र धीरे-धीरे झारखंड के करीब पहुंचेगा इससे अनुमान है कि 23 से 25 फरवरी के बीच झारखंड में कई जगहों पर बादलों की गर्जना के साथ अच्छी बारिश होगी। बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।

झारखंड में भारी बारिश और ओलावृष्टि 

तीनों राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में सबसे ज्यादा गतिविधियां झारखंड में ही संभावित हैं। मौसम में बदलाव के दौरान इन राज्यों में दिन के तापमान में 20 डिग्री की गिरावट होगी। जबकि रात का तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच जाएगा। 26 फरवरी से यह सिस्टम कमजोर हो जाएंगे जिससे झारखंड के साथ-साथ मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में बारिश बंद हो जाएगी।

उत्तरी छत्तीसगढ़, उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश और झारखंड के लगभग सभी भागों में बारिश संभावित है लेकिन दक्षिणी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इंदौर, उज्जैन, रतलाम समेत पश्चिमी मध्य प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भी मौसम शुष्क रहेगा।

Image credit: HT

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try