[Hindi] जमशेदपुर, धनबाद, पटना और भागलपुर में जारी रहेगी प्री-मॉनसून वर्षा

April 30, 2018 7:17 PM | Skymet Weather Team

बिहार और झारखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव दिख रहा है। दोनों राज्यों में प्री-मॉनसून वर्षा हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियां काफी बढ़ी थीं और बिहार तथा झारखंड में कई जगहों पर हल्की से मध्यम जबकि एक-दो स्थानों पर भीषण गर्जना के साथ भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान तेज़ हवाओं के साथ बिजली गिरने की घटनाएँ भी देखने को मिलीं।

रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे के बीच पिछले 24 घंटों की अवधि में जमशेदपुर में 42.8 मिलीमीटर की भीषण वर्षा हुई। इसी तरह भागलपुर में 34.7 मिमी, पूर्णिया में 30.1 मिमी,फोर्बेस्गंज में 25.4 मिमी, मुजफ्फरपुर में 20 मिमी, रांची में 14.8 मिमी, देवघर में 13.3 मिमी, पटना में 11.9 मिमी और चाईबासा में 5.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बिहार और झारखंड पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों तक बनी हुई है। इन्हीं सिस्टमों के प्रभाव से यहां पर मौसम में तेज़ी से बदलाव दिखा। यह सिस्टम अभी भी सक्रिय हैं जिससे हमारा अनुमान है कि बिहार झारखंड और इसके आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा जारी रह सकती है।

[yuzo_related]

प्री-मॉनसून वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होने से दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। दोनों राज्यों में दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गए हैं जिससे सुबह और रात के समय मौसम सुहावना बना रहेगा। दिन में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जिससे दोपहर के समय गर्मी होगी बाकी समय मौसम मुख्यतः आरामदायक बना रहेगा। हालांकि तापमान में और अधिक गिरावट की संभावना फिलहाल नहीं है।

Image credit: Dainik Bhaskar

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES