[Hindi] दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में प्री-मॉनसून वर्षा जारी रहने की संभावना

June 20, 2017 5:42 PM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के पहुँचने से पहले ही बारिश की फुहारों ने मौसम का मिजाज़ पूरी तरह से बदल दिया है। बीते दो दिनों से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सावन-भादों सी झड़ी देखने को मिली है। अनुमान है कि उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में अगले 2 दिनों तक मौसम इसी तरह सक्रिय बना रहेगा। दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर, हिसार में सुबह और रात के समय इसी तरह प्री-मॉनसून बौछारें दर्ज की जा सकती है।

[yuzo_related]

बीते 24 घंटों के दौरान चंडीगढ़ में 45 मिलीमीटर और हिसार में 37 मिलीमीटर की भारी बारिश दर्ज की गई है। इसी तरह उत्तर भारत के अन्य भागों में भी अच्छी वर्षा हुई है। लुधियाना में 21 मिमी, पटियाला में 18 मिलीमीटर वर्षा हुई। दिल्ली के लगभग सभी भागों में इस दौरान अच्छी बारिश देखने को मिली। दिल्ली रिज क्षेत्र में स्थित मौसम केंद्र के अनुसार 72 मिलीमीटर और पीतमपुरा में 81 मिलीमीटर की मूसलाधार वर्षा दर्ज की गई।

राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी भागों से एक ट्रफ रेखा बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। यही ट्रफ उत्तर भारत में अच्छी वर्षा लेकर आ रही है। यह ट्रफ अगले कई दिनों तक सक्रिय रहेगी जिससे उत्तर के मैदानी राज्यों में बंगाल की खाड़ी से पूर्वी आर्द्र हवाएँ लगातार बनी रहेंगी और अगले 2 दिनों तक ऐसी ही वर्षा जारी रहेगी। बारिश के चलते इन भागों में तापमान में गिरावट आई है और मौसम खुशनुमा हो गया है। हालांकि बढ़ी आर्द्रता दोपहर में परेशान भी कर सकती है।

ट्रफ रेखा अगले 2 दिनों के बाद हिमालय की तराई की तरफ बढ़ेगी जिससे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 23 जून से बारिश घट जाएगी। हालांकि यही ट्रफ फिर से 25-26 जून को दिल्ली के करीब आ सकती है जिससे दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 26 जून से फिर से बारिश ज़ोर पकड़ सकती है। कह सकते हैं कि 26 जून से शुरू होने वाला बारिश का दौर प्री-मॉनसून सीज़न का आखिरी दौर होगा क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दिल्ली सहित मैदानी राज्यों में अपने निर्धारित समय पर दस्तक दे सकता है।

Image credit: NewsX

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES