[Hindi] हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ भागों में बनी रहेगी प्री-मॉनसून बारिश

March 20, 2018 1:04 PM | Skymet Weather Team

पंजाब और हरियाणा के अधिकांश भागों में जहां लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है वहीं राजस्थान के उत्तरी और मध्य भागों में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई है। हरियाणा और पंजाब में भी बारिश के लिए मौसम अनुकूल बन गया है। इस बीच दोनों राज्यों में लंबे समय के शुष्क मौसम के चलते पारा ऊपर चढ़ा है और सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक के स्तर पर पहुँच गया है। राजस्थान के कुछ इलाकों में बीते 24 घंटों में तापमान में कमी आई है।

एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के पास पहुँचने वाला है। इसके प्रभाव से मध्य पाकिस्तान और इससे सटे पंजाब, हरियाणा तथा राजस्थान पर एक चक्रवाती सिस्टम पहले से ही विकसित हो गया है। इसके प्रभाव से राजस्थान के कुछ इलाकों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और उत्तरी भागों में कल से कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल रही है।

प्री-मॉनसून सीज़न में बारिश के साथ धूलभरी आँधी चलने और गरज के साथ वर्षा होने की संभावना रहती है। स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गंगानगर, चुरू, बीकानेर, हनुमानगढ़, झुञ्झुनू, अलवर, भरतपुर, धौलपुर और सीकर में अगले 24 घंटों तक प्री-मॉनसून गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। जयपुर में एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना संभव है। राज्य में 22 मार्च से आसमान साफ और मौसम शुष्क हो जाएगा।

[yuzo_related]

दूसरी ओर पंजाब और हरियाणा में आज रात्रि से कुछ भागों में बारिश शुरू हो सकती है। दोनों राज्यों में कल से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और अधिकांश क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती हैं। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, गुरदासपुर, हिसार, भटिंडा, अंबाला, करनाल और चंडीगढ़ सहित आसपास के इलाकों में यह मौसमी हलचल संभावित है। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

दोनों राज्यों में 22 मार्च तक बारिश जारी रहेगी। उसके पश्चात मौसमी सिस्टम पूर्वी दिशा में निकल जाएंगे जिससे मौसम शुष्क हो जाएगा। बारिश बंद होने के बाद पंजाब और हरियाणा में 23 मार्च से उत्तर-पश्चिमी शुष्क और शीतल हवाएँ चलेंगी जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। इससे पहले बारिश के चलते अगले दो दिनों के दौरान दिन के तापमान में गिरावट होगी और तेज़ गर्मी से राहत मिलेगी।

अनुमान है कि 23-24 मार्च से दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी होगी लेकिन मौसम में तेज़ बदलाव 26 मार्च से दिखेगा, जब पारा व्यापक रूप में ऊपर जाएगा और गर्मी बढ़ जाएगी। मार्च के आखिर तक दोनों राज्यों में तापमान बढ़ते हुए सामान्य से 3-4 डिग्री तक ऊपर पहुँच सकता है।

Image credit: NDTV.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES