[Hindi] दिल्ली-एनसीआर में प्री-मॉनसून वर्षा का आगाज़, अगले 48 घंटों तक तेज़ बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना  

March 5, 2020 8:38 AM | Skymet Weather Team

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जैसी उम्मीद थी, कल यानी 4 मार्च की शाम को अचानक मौसम बदला और हवाओं के साथ कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश का यह सिलसिला रात में भी जारी रहा। बारिश के साथ आई ठंडी हवाओं ने दिल्ली का मौसम पूरी तरह बदल दिया। तापमान में अचानक गिरावट आई। लंबे समय बाद कल शाम तापमान काफी कम रिकॉर्ड किया गया।

गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना स्काइमेट ने पहले ही जताई थी। इस बारिश की वजह है उत्तर भारत में आया पश्चिमी विक्षोभ और इसके प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र। यह चक्रवाती सिस्टम इस समय राजस्थान और इससे सटे भागों पर है जबकि पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर पर। यह दोनों सिस्टम काफी सक्रिय हैं और अगले 2 दिनों तक उत्तर भारत के राज्यों पर बने रहेंगे।

यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में बदला मौसम, छाए बादल; बारिश की भी जल्द होगी शुरुआत, गिर सकते हैं ओले भी

हमारा अनुमान है कि राजधानी दिल्ली में अगले 2 दिनों तक रुक रुक कर बारिश होती रहेगी। 5 और 6 मार्च यानि आज और कल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ स्थानों पर तेज वर्षा की भी संभावना है। इस दौरान बारिश 4 मार्च से अधिक होगी। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

इन दो दिनों में बारिश होने, बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया जाएगा। हालांकि न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा।

1 मार्च से प्री मॉनसून सीजन की शुरुआत हुई है और राजधानी दिल्ली में अब तक यानी पिछले 4 दिनों में सामान्य से 310% अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इस दौरान कुल 9 मिलीमीटर बारिश हुई है। आने वाले दिनों में जो बारिश अपेक्षित है उससे यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

Image credit: Zeenews

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

देश भर में मौसम का हाल जानने के लिए देखें वीडियो

OTHER LATEST STORIES