[Hindi] कोलकाता, वर्धमान, मालदा में बारिश जबकि तितलागढ़ और अंगुल सहित ओड़ीशा में प्रचंड गर्मी

March 22, 2018 1:45 PM | Skymet Weather Team

ओड़ीशा के अधिकांश भागों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। पश्चिम बंगाल में भी पारा सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है। हालांकि अगले 48 घंटों के दौरान दोनों राज्यों में बारिश के लिए हालात अनुकूल बने हैं। बारिश की तीव्रता पश्चिम बंगाल के मध्य भागों में अधिक होगी जबकि गंगीय पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा में छिटपुट वर्षा संभावित है जो गर्मी से राहत देने में नाकाम रहेगी।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से तटीय ओड़ीशा तक एक ट्रफ रेखा विकसित होने की संभावना है। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल के मध्य भागों में कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसमें मालदा, वर्धमान, बहरामपुर, बांकुरा और आसपास के भागों में गतिविधियां अधिक हो सकती हैं। जबकि कोलकाता और खड़गपुर सहित अन्य भागों में एक-दो स्थानों पर वर्षा के आसार हैं।

[yuzo_related]

इसी तरह ओड़ीशा में भी मौसम में हलचल संभावित है। यहाँ बनी ट्रफ के प्रभाव से ओड़ीशा के क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज किए जाने के आसार हैं। पूर्वी भारत के दोनों राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बादलों की गर्जना, तेज़ हवाओं और हल्की बारिश के लिए मौसमी परिदृश्य अनुकूल बना रहेगा। 25 मार्च से दोनों राज्यों में मौसम शुष्क हो जाएगा। गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

इस बीच ओड़ीशा के कई इलाकों में गर्मी ने अभी से अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। तितलागढ़ में कल अधिकतम तापमान बढ़ते हुए 40 डिग्री के स्तर पर पहुँच गया। हालांकि यह सामान्य से मात्र 1 डिग्री ऊपर है। दूसरी अंगुल में सामान्य से 3 डिग्री अधिक 39.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। कोलकाता में सामान्य से 2 डिग्री ऊपर 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। संभावित बारिश के चलते पश्चिम बंगाल में गर्मी से राहत मिलेगी लेकिन ओड़ीशा में विशेष राहत के आसार नहीं हैं।

Image credit: Pinterest

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES