[Hindi] बिहार और झारखंड में हो रही है बारिश, 2020 के पहले महीने के पहले पखवाड़े में रुक-रुक कर कई बार होगी बारिश

January 2, 2020 12:28 PM | Skymet Weather Team

बिहार और झारखंड में लंबे समय बाद मौसम बदला है। पूर्वी भारत के दोनों राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों की अगर मानें तो बंगाल की खाड़ी से आने वाली दक्षिण-पूर्वी आर्द्र हवाओं के कारण पूर्वी भारत के भागों में मौसम बदला है। इसके अलावा उत्तर भारत के मैदानी राज्यों से बिहार तक एक ट्रफ भी बनी है, जो मौसम को सक्रिय करने में अहम भूमिका निभा रही है।

इन सभी मौसमी सिस्टमों के चलते बिहार और झारखंड में कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ वर्षा हुई है। कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली है। दोनों राज्यों में कम से कम 24 घंटे तक मौसम इसी तरह से सक्रिय रहेगा और रुक रुक कर कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की और कहीं-कहीं पर मध्यम बौछारें गिर सकती हैं। झारखंड में अपेक्षाकृत गतिविधियां ज्यादा होंगी जबकि बिहार में केवल दक्षिण पूर्वी हिस्सों में वर्षा होने के आसार हैं।

English Version: Bihar and Jharkhand to receive rain until January 4

कल से यानी 3 जनवरी से बिहार में मौसम शुष्क हो जाएगा लेकिन झारखंड में कम से कम 4 जनवरी तक कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है। 5 जनवरी से दोनों राज्यों में उत्तर पश्चिमी ठंडी और शुष्क हवाएं तेज हो जाएंगी। इन हवाओं के कारण दोनों राज्यों में न्यूनतम तापमान में गिरावट फिर से होगी और तेज सर्दी का असर देखने को मिलेगा।

बारिश में यह ब्रेक 7 जनवरी तक ही दोनों राज्यों में रहेगा। इस दौरान मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा, उसके बाद फिर से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के पहाड़ों पर आएगा और एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मैदानी भागों में विकसित होगा। इन दोनों सिस्टम के कारण बिहार और झारखंड में भी 8, 9 और 10 जनवरी को कई जगहों पर गरज के साथ बारिश दर्ज की जाएगी।

Image credit: Avenue Mail

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES