[Hindi] दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून के आगमन से पहले रुक-रुक कर होगी बारिश

June 6, 2018 12:47 PM|

Pre-Monsoon Rains in Delhi and NCR

लंबे समय से शुष्क मौसम के बाद दिल्ली और आसपास के शहरों में प्री-मॉनसून वर्षा अब ज़ोर पकड़ेगी। एक ट्रफ रेखा मध्य पाकिस्तान से ओड़ीशा तक बनी हुई है। यह ट्रफ हरियाणा और दिल्ली से होकर गुज़र रही है। इसके प्रभाव से मैदानी राज्यों में पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी आर्द्र हवाएँ चल रही हैं। इसके प्रभाव से यहाँ हवा में नमी बढ़ गई है। तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है।

इसके चलते अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों नोएडा, गुरुग्राम, गाज़ियाबाद और फ़रीदाबाद में प्री-मॉनसून हलचल बढ़ने की संभावना है। प्री-मॉनसून हलचल के अंतर्गत अगले 24 से 48 घंटों के दौरान दिल्ली और एनसीआर में धूलभरी आँधी चलने और बादलों की गर्जना होने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। बारिश होने की स्थिति में गर्मी से कुछ राहत मिलेगी लेकिन इससे पहले गर्मी और उमस से लोगों का बुरा हाल हो रहा है।

[yuzo_related]

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली में 10 जून से प्री-मॉनसून गतिविधियां कुछ और बढ़ेंगी। इसके बाद मॉनसून के आगमन तक रुक-रुक कर कहीं हल्की तो कहीं मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है।गरज और वर्षा वाले बादलों की ताज़ा स्थिति जानने के लिए नीचे दिए गए मैप पर क्लिक करें।

lightning in delhi

गौरतलब है कि दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत में 28 जून के आसपास मॉनसून दस्तक देता है। लेकिन इस बार इसकी अब तक की अच्छी प्रगति और वर्तमान मौसमी परिदृश्य के अनुकूल देखते हुए अनुमान है कि 22-23 जून को मॉनसून का आगमन हो सकता है।

Image credit: DNA India

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार:skymetweather.comअवश्य लिखें।

 

 

author image