Skymet weather

[Hindi] मुंबई में मूसलाधार बारिश का दौर होगा शुरू, अब तक बारिश 70% कम हुई है

June 27, 2019 11:59 AM |

मायानगरी मुंबई में जून के पहले पखवाड़े से हर बार झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि मॉनसून 10 जून के आसपास मुंबई में पहुँच जाता है। लेकिन इस साल कहानी अलग है। मॉनसून की रफ़्तार कमजोर है जिससे अब तक मुंबई में मूसलाधार वर्षा शुरू नहीं हुई है। लेकिन जल्द ही स्थितियाँ बदलने वाली हैं और मुंबई को अच्छी बारिश भिगोने वाली है।

मॉनसून 2019 मुंबई में 15 दिनों की देरी से 25 जून को पहुंचा। उसके बाद से अब तक यानि पिछले तीन दिनों में भी मॉनसून ने मुंबई में बहुत व्यापक बारिश नहीं दी है। लेकिन अब मॉनसून पश्चिमी तटों पर प्रभावी होने वाला है। स्काइमेट का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक रुक-रुक कर अच्छी बारिश मुंबई वालों को भिगोएगी। हालांकि अच्छी बारिश मुंबई के लिए एक तरफ जहां राहत होती तो दूसरी ओर आफत भी बन जाती है।

Also read this in English: MUMBAI MONSOON TO REVIVE, MUMBAI RAINS MAY RECORD OVER 200 MM RAINS FROM JUNE 27-29

फिलहाल महाराष्ट्र के तटों पर अरब सागर में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है और एक ट्रफ भी पश्चिमी तटों पर सक्रिय है। इन सिस्टमों के कारण मुंबई और आसपास के उपनगरों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। अलीबाग से लेकर मुंबई के अधिकांश हिस्सों, ठाणे, कल्याण और आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा भी हो सकती है जिसके चलते लोकल ट्रेन का संचालन कुछ मार्गों पर थोड़े समय के लिए बाधित हो सकता है।

अगले तीन दिनों के दौरान मुंबई में 200 मिलीमीटर की भीषण बारिश के कारण ऐसी स्थितियाँ देखने को मिलेंगी। हालांकि बारिश का यह आंकड़ा मुंबई के लिए सामान्य बात है। लेकिन भारी बारिश से उपजी स्थितियों से निपटने की बीएमसी की तैयारियां किस तरह की हैं यह भी महत्वपूर्ण है।

फिलहाल मुंबई में 1 जून से 27 जून तक जो बारिश हुई है वह सामान्य से 70% कम है। इस अवधि में मुंबई में जहां 450 मिमी बारिश होनी चाहिए थी वहाँ इस साल महज़ 135 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। उम्मीद करते हैं कि अगले कुछ दिनों के दौरान होने वाली बारिश से इस स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिलेगा।

Image credit: Hindustan Times

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 






For accurate weather forecast and updates, download Skymet Weather (Android App | iOS App) App.

Other Latest Stories







latest news

Skymet weather

Download the Skymet App

Our app is available for download so give it a try