[Hindi] दिल्ली में मॉनसून की बारिश में कमी के आसार

July 18, 2016 3:37 PM|

Heavy_rains in Delhi Metrojournalist 600दिल्लीमें बीते 3-4 दिनों से मॉनसून जमकर बरसा। इस बारिश ने दिल्ली वालों की शिकायत दूर कर दी होगी। दिल्ली के पास बीते कई दिनों से मॉनसून की अक्षीय रेखा बनी हुई थी जिससे उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में मॉनसून सक्रिय हुआ और दिल्ली तथा इसके आसपास के शहरों में व्यापक रूप में वर्षा की गतिविधियां दर्ज की गईं।

हालांकि मौसम की वर्तमान स्थिति बदलने वाली है। क्योंकि मॉनसून की अक्षीय रेखा उत्तरवर्ती हुई है। मॉनसून की अक्षीय रेखा के दिल्ली से दूर उत्तर में जाने के चलते दिल्ली और आसपास के भागों में मौसम की सक्रियता कम हो जाएगी। हालांकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के भागों में अगले 24 घंटों के दौरान फिलहाल कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा देखने को मिलेगी।

आगामी 24 घंटों के पश्चात दिल्ली में मौसम साफ हो जाएगा और एक बार फिर से धूप के साथ अधिक आर्द्रता की जुगलबंदी के कारण लोगों को उमस परेशान करेगी। लेकिन अच्छी खबर यह है कि दिल्ली में 21 जुलाई से फिर से बारिश का नया दौर देखने को मिले। अब तक के बारिश के आंकड़ों के अनुसार राजधानी में सामान्य के आसपास बारिश दर्ज की जा चुकी है।

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 21 और 22 जुलाई को कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। उसके पश्चात 2 दिन के अंतराल पर 25 जुलाई से फिर से मॉनसून उत्तर भारत में सक्रिय होगा दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में कई जगहों पर अच्छी वर्षा दर्ज की जाएगी।

इससे पहले शनिवार और रविवार को दिल्ली में हुई भारी बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव जैसे हालात बन गए हैं। रविवार की शाम और सोमवार की सुबह के समय दिल्ली में कई जगहों पर पानी भरने की वजह से लोगों को यातायात में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Image credit: Metrojournalist

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

author image