[Hindi] उत्तर और दक्षिण भारत में मॉनसून जैसा मौसम, अगले दो-तीन दिनों तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब से लेकर तमिलनाडु और केरल तक होगी व्यापक वर्षा

January 5, 2021 8:00 AM | Skymet Weather Team

उत्तर भारत में पहाड़ों और मैदानों में एक साथ काफी अच्छी वर्षा हो रही है। दक्षिण भारत में तमिलनाडु और केरल समेत पुद्दुचेरी तथा लक्षद्वीप में व्यापक वर्षा देखने को मिल रही है। दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून 2020 की विदाई के बाद यह पहला मौका है जब देश के व्यापक भू-भाग पर बारिश का मौसम एक साथ बना है।

उत्तर भारत में कहाँ होगी बारिश

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तरी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली में बीते दो-तीन दिनों से बारिश हो रही है। इन भागों में कई जगहों पर 3-4 और जनवरी, 2021 को भारी वर्षा भी दर्ज की गई। पंजाब और हरियाणा में 5 जनवरी को भी व्यापक रूप से वर्षा होने की संभावना है। अमृतसर, तरण-तारण, फाजिल्का, फ़रीदकोट, श्रीमुक्तसर साहिब समेत पश्चिमी जिलों में 5-6 और जनवरी को मूसलाधार बारिश के साथ ओले गिरने तथा भारी गर्जना होने की आशंका है। स्काइमेट का सुझाव है कि मौसम बिगड़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ही बाँधें।

पर्वतीय राज्यों में जम्मू कश्मीर से उत्तरखंड तक 3-4 जनवरी को कई जगहों पर भीषण वर्षा और हिमपात की गतिविधियां देखने को मिली हैं। बारिश और बर्फबारी का लंबा स्पैल आगे भी जारी रहेगा। पर्वतीय राज्यों में 8 जनवरी तक कई जगहों पर रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश और हिमपात होगा। बारिश और बर्फबारी के चलते दिन का तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य से नीचे रहने वाला है, जिससे कोल्ड दे कंडीशन की अपेक्षा भी है।

मैदानी इलाकों में सप्ताह के आखिर तक सुबह और रात में शीतलहर से राहत बरकरार रहेगी। 8-9 जनवरी के बाद उत्तर भारत के भागों में मौसम साफ होने पर फिर से शीतलहर की वापसी हो सकती है जब न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट होगी।

दक्षिण भारत के राज्यों पर मेहरबान मौसम

दक्षिण भारत के राज्यों में उत्तर-पूर्वी मॉनसून 31 दिसंबर को आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया। लेकिन बंगाल की खाड़ी से पूर्वी आर्द्र हवाओं का अच्छा फ़्लो बना हुआ है जिससे तेलंगाना और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश को छोड़कर दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के बाकी हिस्सों में इस सप्ताह काफी अच्छी वर्षा देखने को मिल सकती है। भारी वर्षा होने के आसार मुख्यतः तमिलनाडु और केरल में है। चन्नई और पुद्दुचेरी भी उन शहरों में होंगे जहां पर 7-8 जनवरी तक रुक-रुक कर मध्यम से तेज़ बारिश की गतिविधियां होती रहेंगी। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के रायलसीमा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

Image credit: Scroll.in

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES