[Hindi] भारी बारिश से मुंबई में लोगों का बुरा हाल

June 19, 2015 1:35 PM | Skymet Weather Team

 

स्काइमेट के अनुमानों को सही साबित करते हुये पश्चिमी तटों पर सक्रिय मॉनसून ने मुंबई को जमकर भिगोया है। मुंबई में पिछले 24 घंटों से हो रही भारी बारिश ने मुंबई वालों की जीवन शैली अस्त व्यस्त कर दी है। बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े 8 बजे से बीते 24 घंटों के दौरान मायानगरी में जोरदार 283 मिलीमीटर की बारिश हुई है। इससे महीने की कुल बारिश का आंकड़ा 537 मिलीमीटर पर पहुँच गया है, जो पूरे जून में होने वाली 523 मिलीमीटर की सामान्य बारिश से अधिक है। भीषण रूप से हो रही बारिश के कारण बृहस्पतिवार की दोपहर से ही शहर के अधिकांश भागों में रेल और सड़क यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। दादर, हिंदमता और एल्फिंस्टन जैसे कई निचले इलाकों में सड़कें बारिश के पानी में डूब गई हैं। पानी लगने के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कों पर भीषण रूप से जाम लगने की भी खबरें हैं।

भीषण मॉनसूनी बारिश ऑफिस जाने वालों के लिए किसी आफत से कम नहीं है क्योंकि एक ओर लोगों को जहां सड़कों पर लगे पानी से पार होने की समस्या है वहीं दूसरी ओर यातायात जाम से भी मशक्कत करनी पड़ रही है। कई रेल मार्ग भी पानी में डूब गए हैं जिससे मुंबई की लोकल ट्रेनों को केवल अंधेरी तक ही चलाया जा रहा है। कल्याण या इससे आगे से छत्रपति शिवाजी टर्मिनस जाने वाली लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। भारी बारिश को देखते हुये मुंबई के आयुक्त ने सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिये हैं।

इस बीच स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मुंबई में इसी तरह अगले 24 घंटों तक भारी बारिश होती रहेगी। दोपहर 2 बजे के आसपास समुद्र में 4.6 मीटर की हाई टाइड की भी आशंका है। इस दौरान समुद्र के किनारों से दूर रहें और भीषण बारिश के कारण लगने वाले जाम को देखते हुये अनावश्यक घरों से बाहर ना निकलें।

Image Credit: Ravi Tiwari

 

OTHER LATEST STORIES