[Hindi] खजुराहो, खंडवा, होशंगाबाद, जबलपुर, रायपुर में पारा पहुंचा 40 के पार; जल्द चलेगी लू

April 19, 2018 2:05 PM | Skymet Weather Team

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पिछले 2-3 दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। इसके चलते दोनों राज्यों में अधिकांश स्थानों पर तापमान में वृद्धि हो रही और गर्मी लगातार अपना शिकंजा कसती जा रही है। इस समय मध्य प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से ऊपर और 40 डिग्री के स्तर को पार कर गया है। कई जगहों पर यह सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। इसके चलते लू जैसे हालात बन गए हैं।

स्काइमेट के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ महेश पालावत के अनुसार मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक प्री-मॉनसून वर्षा जैसी स्थितियाँ देखने को नहीं मिलेगी। इस दौरान इन भागों के ऊपर कोई ऐसा मौसमी सिस्टम विकसित होता दिखाई नहीं दे रहा है जो मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ को प्रभावित करे और बढ़ते तापमान पर लगाम लगाए। अनुमान है कि आने वाले दिनों में इंदौर, उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, रायपुर, दुर्ग, भिलाई सहित लगभग सभी भागों में पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुँच सकता है।

[yuzo_related]

पिछले 24 घंटों के दौरान खजुराहो और होशंगाबाद देश के सबसे गर्म स्थानों में शुमार रहे। खजुराहो में 44 डिग्री और होशंगाबाद में 43 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। रीवा में 42,जबलपुर, सतना और सागर में 40 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। रायपुर और राजनन्दगाँव में भी 41 डिग्री रहा दिन में तापमान।

इस बीच 23 और 24 अप्रैल को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में कुछ मौसमी हलचल होने की संभावना बन रही है। अनुमानों के अनुसार इस दौरान दोनों राज्यों के दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे। एक-दो स्थानों पर धूल भरी आँधी चलेगी और गरज के साथ हल्की वर्षा दर्ज की जाएगी। मौसम में बदलाव से उस दौरान दक्षिणी भागों में तापमान में हल्की कमी आएगी और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। जबकि उत्तरी और पश्चिमी जिलों में प्रचंड गर्मी जारी रह सकती है।

Image credit: Zeenews

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES