[Hindi] लखनऊ, वाराणसी, पटना, गया में सीज़न का सबसे कम न्यूनतम तापमान, दिन में मिलेगी राहत, रात में बढ़ेगी सर्दी

January 5, 2018 6:54 PM | Skymet Weather Team

उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड है कि राहत देने का नाम नहीं ले रही और कई स्थानों पर लोग लंबे समय से धूप के लिए तरस रहे हैं। दोनों राज्यों में शुक्रवार को कई स्थानों पर इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। कुछ जगहों पर पारा 5 डिग्री तक पहुँच गया। इन भागों में लंबे समय से छा रहे घने कोहरे के चलते दिन का तापमान पहले ही सामान्य से व्यापक रूप में नीचे चल रहा था।

न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला अब शुरू हुआ है क्योंकि उत्तर-पश्चिमी हवाएँ तेज़ हो रही हैं। अनुमान है कि दोनों राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। इससे पहले उत्तर प्रदेश में आगरा, इलाहाबाद, वाराणसी गोरखपुर, बहराइच, मेरठ, बरेली और हमीरपुर सहित कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में भारी गिरावट हुई थी और यह कई दिनों से सामान्य से 5 से 9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चल रहा था।

यही हाल कमोबेस बिहार का भी रहा। बिहार में मुजफ्फरपुर, गया, पटना, भागलपुर, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी सहित अधिकतर स्थानों पर सामान्य से नीचे चल रहे तापमान के कारण दिन में शीतलहर जैसे हालत बने हुए थे। दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान में कमी का कारण रहा कोहरा जिसने सूरज के तेज़ को भी फीका कर रखा था और उसे अपना असर नहीं दिखाने दे रहा था।

[yuzo_related]

आज सुबह घने कोहरे के चलते आगरा, इलाहाबाद और वाराणसी में दृश्यता घटकर शून्य पर पहुँच गई थी। गया और लखनऊ में दृश्यता 50 मीटर और पटना तथा गोरखपुर में 150 मीटर तक गिर गई थी। फिलहाल उत्तर-पश्चिमी हवाएँ तेज़ होने से कोहरे में सुधार देखने को मिलेगा जिससे दिन का तापमान बढ़ेगा और सामान्य जन-जीवन पटरी पर लौटेगा। हालांकि अगले दो-तीन दिनों तक सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा कई स्थानों पर छाया रह सकता है।

इस बीच उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में कमी का क्रम शुरू हुआ है और आज कई स्थानों पर यह 3 डिग्री तक पहुँच गया। सबसे ठंडे स्थानों के तापमान पर एक नज़र:

स्काइमेट के मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक ठंडी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में जल्द वृद्धि देखने को नहीं मिलेगी बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और इससे सटे बिहार के भागों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। तापमान में गिरावट के चलते सुबह और रात में सर्दी बढ़ेगी जबकि कोहरा कम होने और धूप का प्रभाव बढ़ने से दिन में ठंडी से राहत मिलेगी।

Image credit: Rediff.com

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

 

 

OTHER LATEST STORIES