[Hindi] बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम डिप्रेशन में तब्दील, तूफान बुलबुल के बनने की संभावना हुई प्रबल

November 5, 2019 5:40 PM | Skymet Weather Team

Updated on November 05, 2019: 05:00 PM खाड़ी में बना सिस्टम गहरे निम्न दबाव में तब्दील, तूफान बनने की संभावना हुई प्रबल 

उत्तरी अंडमान सागर पर 3 नवंबर को विकसित हुआ चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र लगातार प्रभावी होता जा रहा है। 4 नवंबर को यह निम्न दबाव बना था उसके बाद 5 नवंबर, मंगलवार को यह डिप्रेशन बन गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटों में ही यानि 6 नवंबर तक यह डीप डिप्रेशन बन जाएगा।

शुरुआती समय में यह सिस्टम पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा। 6 या 7 नवंबर को यह रिकर्व करेगा और उत्तरी तथा उत्तर-पश्चिमी दिशा में बढ़ना शुरू करेगा। पहले अनुमान ओड़ीशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में जाने का था लेकिन अब अनुमान लगाया जा रहा है कि तूफान उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल में यह दस्तक दे सकता है।

अनुमान लगाया जा रहा है कि 10 नवंबर के आसपास तूफान बुलबुल का लैंडफॉल होने की संभावना है। इसके प्रभाव से देश के पूर्वी तटों पर उत्तरी आंध्र प्रदेश से ओड़ीशा और गंगीय पश्चिम बंगाल तक बारिश के आसार हैं।

Published on November 04, 2019: 03:15 PM बंगाल की खाड़ी में बनने वाला है तूफान बुलबुल, होगा साल 2019 का भारतीय उप-महाद्वीप का 7वां तूफान

बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती तूफान बनता हुआ दिखाई दे रहा है। यह इस साल का 7वां तूफान होगा। हालांकि मॉनसून के बाद बंगाल की खाड़ी में यहा पहला चक्रवात होगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तरी अंडमान सागर में एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो गया है। उम्मीद है कि यह सिस्टम पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा में जाएगा। 5 या 6 नवंबर को यह बंगाल की खाड़ी के मध्य पूर्व पर डिप्रेशन बन सकता है।

इस समय बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर से जो संकेत मिल रहे उनके अनुसार यह सिस्टम पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रभावी होता रहेगा। पहले डिप्रेशन, फिर डीप डिप्रेशन और उसके बाद चक्रवाती तूफान बन सकता है। समुद्र की सतह का तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 6 दिन यह सिस्टम खाड़ी में रहेगा। इतना समय इसके चक्रवाती तूफान बनने के लिए काफी है।

English Version: Likely Cyclone Bulbul, the seventh cyclone of 2019 to batter Andhra Pradesh, Odisha soon

यह भारत के पूर्वी तटों को प्रभावित करने वाला है। लेकिन इसके हिट करने की लोकेशन का अभी सटीक अंदाज़ा नहीं लगाया जा सकता है। हालांकि अधिक संभावना ओड़ीशा या उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय भागों पर इसके लैंडफॉल के संकेत अभी मिल रहे हैं।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अक्टूबर में अगर कोई तूफान बंगाल की खाड़ी में विकसित होता है तो उसके पश्चिम बंगाल या बांग्लादेश की तरफ जाने की संभावना रहती है जबकि नवंबर में बनने वाले तूफान आंध्र प्रदेश और ओड़ीशा का रुख करते हैं। जबकि दिसम्बर में विकसित होने वाले चक्रवाती तूफान तमिलनाडु को भिगोते हैं।

बंगाल की खाड़ी में पाबुक और फोनी के बाद साल 2019 का यह तीसरा चक्रवाती तूफान होगा। पाबुक जनवरी के पहले सप्ताह में बना था और यह अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह पर बारिश देने के बाद रास्ता बदलकर म्यांमार चला गया था। जबकि मई में बने तूफान फोनी ने ओड़ीशा को बुरी तरफ प्रभावित किया था। उसके बाद कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल भी इसकी चपेट में आया था।

दूसरी ओर अरब सागर में इस साल चार तूफान (वायु, हिक्का, क्यार और महा) बन चुके हैं। इस तरह संभावित तूफान बुलबुल भारतीय उप-महाद्वीप में साल 2019 का 7वां तूफान होगा। वर्ष 2018 में कुल 7 तूफान बने थे। इसकी बराबरी होना तो लगभग तय है। उम्मीद यह भी है कि 7 का आंकड़ा पार हो जाए। अगर खाड़ी में तूफान विकसित होता है तो तटीय आंध्र प्रदेश और ओड़ीशा में 9 से 12 नवंबर के बीच भीषण बारिश देखने को मिलेगी।

Image credit:

कृपया ध्यान दें: स्काइमेट की वेबसाइट पर उपलब्ध किसी भी सूचना या लेख को प्रसारित या प्रकाशित करने पर साभार: skymetweather.com अवश्य लिखें।

OTHER LATEST STORIES